गाजियाबाद में दस हजार ​इनामी बदमाश गिरफ्तार: पुलिस ने पैर में मारी गोली, जुलाई में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर की थी लूट

गाजियाबाद|
पुलिस ने पैर में मारी गोली, जुलाई में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर की थी लूट

गाजियाबाद में अपराधियों के खिलाफ जारी अभियान के तहत भोजपुर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। किल्हौड़ा बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर लूट की घटना को अंजाम देने वाले वांछित और ₹10,000 के इनामी लुटेरे राज उर्फ राजेंद्र पांडे को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी थी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे दौड़ाकर पैर में गोली मार दी।

एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक शातिर बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से हापुड़ की तरफ से आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भोजपुर के किल्हौड़ा बॉर्डर पर बैरिकेडिंग कर सघन वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान हापुड़ की तरफ से बाइक पर आ रहे एक संदिग्ध युवक को जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो उसने रुकने के बजाय बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया।

फिसल कर गिरी बाइक

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बदमाश का पीछा किया, जिससे हड़बड़ाहट में उसकी मोटरसाइकिल फिसल कर सड़क पर गिर गई। खुद को पुलिस से घिरा हुआ पाकर बदमाश ने अपनी कमर से तमंचा निकाला और जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग झोंक दी। पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ से अपना बचाव किया और आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। पुलिस द्वारा दौड़ाकर चलाई गई गोली सीधे बदमाश के बाएं पैर में जा लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा।

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर की थी लूट

पुलिस की गिरफ्त में आए बदमाश की पहचान 22 वर्षीय राज उर्फ राजेंद्र पांडे के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने 28 जुलाई 2026 को अपने साथियों के साथ मिलकर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर लिफ्ट देने के बहाने एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में वह लंबे समय से वांछित चल रहा था और डीसीपी देहात की तरफ से उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा उसने इंदिरापुरम क्षेत्र में भी महिलाओं से स्नैचिंग और लूट की कई घटनाएं करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस ने पैर में मारी गोली, जुलाई में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर की थी लूट

चोरी की बाइक और अवैध हथियार बरामद

पुलिस ने घायल बदमाश को तुरंत नजदीकी जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस, वारदात में इस्तेमाल की जा रही एक चोरी की मोटरसाइकिल और एक्सप्रेसवे से लूटा गया एक मोबाइल फोन बरामद किया।

आरोपी पर पहले से दर्ज आपरा​धिक मामले

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी राज पर पहले से ही लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के करीब आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और लूटे गए जेवर खरीदने वाले दिल्ली के सुनारों के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।