गाजियाबाद में पत्नी ने की पति की हत्या: प्रेमी के साथ मिलकर घटना को दिया अंजाम, 12 घंटे के अंदर पुलिस ने की दोनों की गिरफ्तारी

गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में एक महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात के महज 12 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच के अनुसार, मूल रूप से लखीमपुर खीरी के रहने वाले 35 वर्षीय अंशुल अपनी पत्नी निशा के साथ खोड़ा की वंदना विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे। दोनों नोएडा की एक सिलाई कंपनी में काम करते थे। पिछले करीब दो साल से अंशुल का एक दूर का रिश्तेदार पप्पू उर्फ गंगा भगत भी उनके साथ ही रह रहा था। इस दौरान निशा और पप्पू के बीच प्रेम संबंध बन गए। अंशुल को जब इस बात का पता चला, तो उसने कई बार परिवार में इसकी शिकायत की। लोक-लाज के डर से परिवार ने दोनों को समझाकर मामला शांत करा दिया था, लेकिन निशा और पप्पू, अंशुल को रास्ते से हटाकर आपस में शादी करना चाहते थे।
गोली मारकर उतारा मौत के घाट
योजना के मुताबिक, आरोपी पप्पू अपने गांव से अवैध तमंचा और कारतूस लेकर आया था। मौका पाकर पप्पू ने अंशुल की गोली मारकर हत्या कर दी और फोन पर निशा को वारदात की जानकारी दी।
12 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा
घटना की सूचना मिलते ही ACP सूर्यबली मौर्य के नेतृत्व में खोड़ा थाना पुलिस ने मामले की गहन तफ्तीश शुरू की। शक के आधार पर जब निशा से पूछताछ की गई, तो पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पत्नी निशा और उसके प्रेमी पप्पू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी पप्पू की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद कर लिया है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

