गाजियाबाद में पत्नी ने रची हत्या की साजिश: पती, बेटे और भांजे को दिया धीमा जहर, आठ करोड़ रुपये ​के लिए वारदात को दे रही थी अंजाम

गाजियाबाद|
पती, बेटे और भांजे को दिया धीमा जहर, आठ करोड़ रुपये ​के लिए वारदात को दे रही थी अंजाम
सेव सूची

गाजियाबाद में रिश्तों को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा इलाके में एक महिला को अपने पति, 16 वर्षीय बेटे और 21 वर्षीय भांजे के खाने में करीब एक साल तक धीमा जहर मिलाकर देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने पति की करीब छह करोड़ रुपये की ट्रैवल एजेंसी हड़पने और दो करोड़ रुपये की जीवन बीमा पॉलिसी की रकम पाने के लालच में यह साजिश रची थी।

पीड़ित कारोबारी सुशील कुमार भटनागर की तबीयत पिछले साल अगस्त में अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा। इलाज के दौरान हुई मेडिकल जांच और ब्लड टेस्ट में उनके शरीर में लेड की असामान्य रूप से अधिक मात्रा पाई गई। इसके बाद जब उनके बेटे वंश भटनागर और भांजे देव भटनागर की भी जांच कराई गई, तो उन दोनों के खून में भी लेड होने की पुष्टि हुई। मेडिकल रिपोर्ट सामने आने के बाद सुशील भटनागर को साजिश का शक हुआ और उन्होंने सितंबर में इंदिरापुरम थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे

इंदिरापुरम पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर 23 नवंबर को आरोपी पत्नी रेनू भटनागर को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि सुशील भटनागर की ट्रैवल एजेंसी का सालाना टर्नओवर करीब पांच से छह करोड़ रुपये है और उनका भांजा देव इस कारोबार की देखरेख करता था। इसके अलावा सुशील के नाम पर दो करोड़ रुपये की जीवन बीमा पॉलिसी थी, जिसमें रेनू नॉमिनी थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी महिला ने पति और भांजे को रास्ते से हटाकर पूरे बिजनेस पर कब्जा करने और बीमा की रकम हड़पने की योजना बनाई थी। बेटा भी अपने पिता का समर्थन करता था, इसलिए उसे भी खाने में जहर दिया जा रहा था।

इन लोगों के खिलाफ भी दर्ज हुई एफआईआर

पीड़ित सुशील भटनागर की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपी पत्नी रेनू भटनागर के अलावा उनकी मां (सास) लता सक्सेना, भाई (साले) रवि सक्सेना, रिश्तेदार सुशील गिरधर और बबलू नाम के एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ हत्या के प्रयास और आपराधिक साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी महिला को लेड जैसा खतरनाक पदार्थ कहां से मिला और इस साजिश में अन्य नामजद आरोपियों की क्या भूमिका है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।