गाजियाबाद में पति ने की पत्नी और बेटी की हत्या: आर्थिक तंगी और डिप्रेशन को बताया वजह, आरोपी गिरफ्तार
गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में एक व्यक्ति ने पारिवारिक कलह के चलते अपनी पत्नी और पन्द्रह वर्षीय बेटी की चाकू और गंडासे से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। इस हमले में उसकी चौदह वर्षीय दूसरी बेटी भी घायल हुई है, जिसने भागकर अपनी जान बचाई और पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी पति को मौके से ही हिरासत में ले लिया है। यह वारदात खोड़ा क्षेत्र के लोकप्रिय विहार की गली नंबर तीन में स्थित एक इमारत की चौथी मंजिल पर शुक्रवार-शनिवार की आधी रात को हुई।
खोड़ा क्षेत्र स्थित लोकप्रिय विहार की गली नंबर तीन में पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी और दो बेटियों पर गंडासे व चाकू से हमला कर दिया। इस भयावह हत्याकांड में परिवार की इकलौती बची छोटी बेटी ने बताया कि ऐसा झगड़ा उनके यहां कभी नहीं हुआ था। घटनास्थल पर मौजूद आरोपित से जब पुलिस से पूछा कि उसने ऐसा क्यों किया तो कहा, और कोई चारा नहीं बचा था।
छोटी बेटी ने रो-रोकर बताई पूरी घटना
गली नंबर 3 स्थित इमारत की चौथी मंजिल पर रहने वाले व्यक्ति ने अपनी पत्नी और दो बेटियों पर गंडासा व चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में मां और बड़ी बेटी की मौत हो गई, जबकि छोटी बेटी घायल अवस्था में भाग निकलने में सफल रही। गंभीर हालत में तीनों को एंबुलेंस से जिला एमएमजी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद 40 वर्षीय बेबी तबस्सुम और उनकी बेटी सना तबस्सुम को मृत घोषित कर दिया। घायल छोटी बेटी रूबी तबस्सुम का इलाज किया गया। बच्ची ने मीडिया को वारदात की पूरी बात रो-रोकर बताई। उसने बताया कि उसके घर में ऐसा झगड़ा पहली बार हुआ था।
वारदात के बाद चुपचाप बैठा रहा आरोपी
हमला करने वाला आरोपी महिला का पति मोहम्मद रजा अंसारी है। वह बिहार के अररिया जिले का मूल निवासी है। पत्नी के पेट व गले तथा बेटी के गले पर घातक वार करने के बाद वह फरार होने के बजाय चुपचाप घर के बाहर ही बैठ गया।
अवसाद से जूझ रहा था आरोपी
गाजीपुर मुर्गा मंडी में मुंशी की नौकरी करने वाले रजा अंसारी ने पुलिस की शुरुआती पूछताछ में बताया कि आर्थिक तंगी के दबाव में आकर उसने यह कदम उठाया। परिवार के अनुसार वह पिछले कुछ समय से अवसाद से भी जूझ रहा था। वहीं, सुबह जब इस बारे में लोगों को पता चला तो घर के बाहर भीड़ उमड़ पड़ी। सभी इस वारदात को जानकर हैरान हो गये।
सभी पहलुओं की जांच कर रही पुलिस
इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त सूर्यबली मौर्य के अनुसार, रात करीब साढ़े बारह बजे सूचना मिलते ही खोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटना के पूरे पहलुओं की गहन जांच कर रही है।











