गाजियाबाद में 15वीं मंजिल से गिरकर छात्रा की मौत: दो पेज का सुसाइड नोट मिला, पढ़ाई के दबाव से थी परेशान
विजयनगर थाना क्षेत्र की गौर सिद्धार्थम सोसाइटी में दसवीं की छात्रा की 15वीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई। छात्रा की पहचान शनाया बिष्ट के रूप में हुई है। वह इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल में कक्षा 10वीं की छात्रा थी। पुलिस को मौके से दो पेज का सुसाइड नोट मिला है। इसमें छात्रा ने पढ़ाई के दबाव से परेशान होने की बात लिखी है और किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गौर सिद्धार्थम सोसाइटी निवासी शनाया फ्लैट की 15वीं मंजिल से नीचे गिर गई। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। छात्रा का चेहरा और शरीर खून से सना था। सोसाइटी के एक युवक के मुताबिक, अचानक तेज आवाज सुनाई दी। इसके बाद वह और गार्ड मौके पर पहुंचे। कुछ देर में छात्रा के परिजन भी वहां पहुंच गए।
पढ़ाई का दबाव नहीं झेल सकती
पुलिस को छात्रा के पास से दो पेज का सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने पढ़ाई का दबाव नहीं झेल पाने की बात लिखी है। नोट में माता-पिता से प्रेम जताते हुए उन्हें अपनी छोटी बहन रिद्धि, दादी और परिवार का ध्यान रखने के लिए कहा गया है। छात्रा ने दोस्तों से भी अपनी वजह से जीवन खराब नहीं करने और सफल होने की बात कही है। पुलिस नोट की हैंडराइटिंग समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना डायल-112 के जरिए पुलिस को मिली थी। विजयनगर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि पुलिस छात्रा के परिजनों और सोसाइटी के लोगों से घटना से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। छात्रा ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी जांच की जा रही है।











