गाजीपुर में दसवीं की छात्रा ने सिपाही पर लगाया आरोप: न्यूड वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल, अन्य लोगों के साथ संबंध बनाने के लिए किया मजबूर

गाजीपुर जिले से पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाली एक गंभीर शिकायत सामने आई है। गहमर थाने में तैनात सिपाही मोहित यादव पर 10वीं की एक नाबालिग छात्रा ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने, आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाने और दूसरों के साथ संबंध बनाने के लिए दबाव डालने के संगीन आरोप लगाए हैं।
पीड़िता के अनुसार, करीब 6 महीने पहले लखनऊ से लौटते समय ट्रेन में उसकी मुलाकात सिपाही मोहित यादव से हुई थी, जो कि मूल रूप से प्रतापगढ़ का रहने वाला है। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर अपना मोबाइल नंबर दिया था। छात्रा का आरोप है कि बाद में सिपाही ने उसे बहला-फुसलाकर एक होटल में ले जाकर उसकी मर्जी के बिना आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। इन्हीं वीडियो के दम पर वह लगातार छात्रा को ब्लैकमेल करने लगा। पीड़िता का यह भी कहना है कि सिपाही ने उसके माता-पिता को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी और उसे गाजीपुर में अन्य लोगों के साथ भी संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। परिवार का सहयोग न मिलने और लगातार मिल रही धमकियों से तंग आकर छात्रा ने कहा है कि वह अब जीना नहीं चाहती।
आरोपी सिपाही का पक्ष
दूसरी ओर, आरोपी सिपाही मोहित यादव ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। सिपाही का दावा है कि ट्रेन में यात्रा के दौरान कोई अन्य युवक छात्रा का वीडियो बना रहा था, जिसे उसने छात्रा के कहने पर डिलीट करवाया था। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई थी। सिपाही का आरोप है कि अब छात्रा उसे किसी साजिश के तहत झूठे मामले में फंसाने की कोशिश कर रही है।
सिपाही के खिलाफ जांच शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन एक्टिव हो गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सिपाही के खिलाफ मिली इस गंभीर शिकायत पर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

