गाजीपुर में ताइक्वांडो कोच से मिलने गया कक्षा नौवीं का छात्र लापता: पुल पर मिली साइकिल, कॉपी में लिखा- 'आई लव यू सर'

गाजीपुर जिले से एक बेहद हैरान और परेशान करने वाला मामला सामने आया है. यहां कक्षा नौवीं का एक छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। देर रात पुलिस और परिजनों को उसकी साइकिल और स्कूल बैग वीर अब्दुल हमीद सेतु पर लावारिस हालत में बरामद हुआ। चौंकाने वाली बात यह है कि छात्र के बैग से मिली एक नोटबुक पर 'आई लव यू सर' लिखा हुआ है। इसके साथ ही उस पर माता-पिता और उसके खेल कोच के मोबाइल नंबर भी दर्ज हैं।
लापता छात्र की पहचान 14 वर्षीय दिव्यांशु यादव के रूप में हुई है। दिव्यांशु के पिता रमेश यादव के अनुसार, उनका बेटा ताइक्वांडो का खिलाड़ी है। रविवार शाम को उसके ताइक्वांडो कोच अब्दुल मलिक खान ने उसे कुछ जरूरी फॉर्म भरने के लिए एकेडमी बुलाया था। दिव्यांशु शाम करीब 6:15 बजे अपनी साइकिल लेकर कोच से मिलने के लिए घर से निकला था, लेकिन उसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
ब्रिज पर लावारिस मिली साइकिल और बैग
जब देर रात तक दिव्यांशु घर नहीं पहुंचा, तो चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वीर अब्दुल हमीद सेतु पर उसकी साइकिल खड़ी मिली, जिसके स्टैंड पर उसका स्कूल बैग और कॉपी रखी हुई थी। बैग की तलाशी लेने पर उसमें से मिली कॉपी पर कोच का नंबर, परिजनों का नंबर और 'आई लव यू सर' लिखा हुआ संदेश मिला। छात्र की साइकिल और सामान इस तरह पुल पर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका
दिव्यांशु के पिता ने इस मामले में कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुल पर साइकिल मिलने के बाद से परिजन किसी अनहोनी या अपहरण की आशंका को लेकर बेहद डरे हुए हैं। वहीं, स्थानीय पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। छात्र की लोकेशन और सुराग जुटाने के लिए पुलिस और परिजन रास्ते में आने वाले सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं। इसके अलावा गोताखोरों की मदद से नदी में भी रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारी की जा रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

