गाजीपुर में जवान की सड़क दुर्घटना में मौत: सुबह फुटपाथ पर टहलने के लिए थे निकले, एक दिन की छुट्टी लेकर आये थे घर

मरदह थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कंसहरी गांव में उस वक्त मातम छा गया, जब रविवार सुबह में फुटपाथ पर टहल रहे एक सीआरपीएफ जवान की सड़क दुर्घटना में जान चली गई। मृतक की पहचान 36 वर्षीय शशिकांत सिंह के रूप में हुई है, जो वाराणसी की 95वीं बटालियन में देश की सेवा कर रहे थे।
मिली जानकारी के मुताबिक, जवान शशिकांत सिंह शनिवार की शाम को ही महज एक दिन की छुट्टी लेकर अपने घर पहुंचे थे। उन्हें सोमवार को वापस अपनी ड्यूटी पर लौटना था। रविवार सुबह वह रोज की तरह वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन के फुटपाथ पर टहलने निकले थे। इसी दौरान भवानीपुर कट के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रेलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मारते हुए कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
परिवार में मचा कोहराम
हादसे के बाद घटना स्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। जवान की अचानक हुई मौत की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। जवान के बच्चे और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फरार वाहन चालक की तालश कर रही पुलिस
सूचना मिलने पर पहुंची मरदह थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस टीम दुर्घटना को अंजाम देकर फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

