गाजीपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक को वाहन ने मारी टक्कर: फ्लाईओवर से उछलकर गिरा नीचे, मौके पर हुई मौत

बिरनो थाना क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे बिरनो फ्लाईओवर पर मॉर्निंग वॉक पर निकले एक युवक को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक फ्लाईओवर से उछलकर सीधे नीचे जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गाजीपुर के गन्नापुर निवासी ललित कुमार के रूप में हुई है। ललित रोज की तरह शुक्रवार की सुबह भी घर से टहलने के लिए निकले थे। जैसे ही वह बिरनो फ्लाईओवर पर पहुंचे, तभी गाजीपुर की ओर से आ रहे एक बेहद तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
फ्लाईओवर से नीचे सर्विस रोड पर गिरा युवक
टक्कर का प्रभाव इतना भयानक था कि ललित हवा में उछलते हुए फ्लाईओवर की रैलिंग को पार कर नीचे बनी सर्विस रोड पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों व राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई।
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से लहूलुहान ललित कुमार को तुरंत नजदीकी बिरनो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने गहन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना पाकर बिरनो थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। इसके लिए फ्लाईओवर और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी चालक की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।










