गाजीपुर में छात्रा ने सिपाही पर लगाया आरोप: बयान दर्ज कराने के बाद फोन पर जान से मारने की दी धमकी, कहा-चाहे मेरी नौकरी चली जाए या मुझे जेल हो जाए, मैं तुम्हें मारकर ही जाऊंगा

गहमर थाने में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल मोहित यादव पर 10वीं कक्षा की 17 वर्षीय छात्रा ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने और आपत्तिजनक वीडियो व तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। इस मामले में नया मोड़ तब आया जब पीड़िता ने आरोप लगाया कि जमानिया क्षेत्राधिकारी (CO) कार्यालय में बयान दर्ज कराने और सबूत सौंपने के बाद आरोपी सिपाही ने उसे फोन कर जान से मारने की धमकी दी है।
पीड़ित छात्रा के अनुसार, अपना बयान दर्ज कराकर लौटने के बाद आरोपी सिपाही मोहित यादव ने उसे फोन किया और गुस्से में कहा, "चाहे मेरी नौकरी चली जाए या मुझे जेल हो जाए, मैं तुम्हें मारकर ही जाऊंगा।" इस धमकी के बाद भी छात्रा ने हिम्मत नहीं हारी है। उसका कहना है कि वह अधिकारियों के सामने अपना बयान दर्ज करा चुकी है और अब वह किसी भी हाल में पीछे नहीं हटेगी तथा न्याय के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी।
ट्रेन में दोस्ती, फिर होटल ले जाकर बनाया वीडियो
छात्रा ने अपनी शिकायत में बताया कि करीब छह महीने पहले लखनऊ से लौटते समय ट्रेन में उसकी मुलाकात सिपाही मोहित यादव से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों में बातचीत शुरू हुई और सिपाही ने उसे शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसा लिया। छात्रा का आरोप है कि मोहित उसे एक होटल में ले गया, जहां उसने धोखे से उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और न्यूड वीडियो बना लिए। बाद में इन वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर वह उसे ब्लैकमेल करने लगा और कथित तौर पर दूसरों के साथ भी संबंध बनाने का दबाव डालने लगा।
अधिकारियों के चक्कर काटने के बाद दर्ज हुआ बयान
पीड़िता का आरोप है कि उसने सबसे पहले पांच अक्टूबर को गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) से मिलकर शिकायत पत्र सौंपा था, लेकिन शुरुआत में कोई कड़ी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने एक वीडियो जारी कर न्याय की गुहार लगाई, जिसके बाद मामला गरमा गया। हाल ही में जमानिया सीओ अंकित तिवारी के समक्ष छात्रा का बयान दर्ज किया गया और उसने डिजिटल सबूत भी पुलिस को सौंप दिए हैं। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि सिपाही ने उसके माता-पिता पर भी दबाव बनाने और मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की थी।
सिपाही का पलटवार और पुलिस की जांच
दूसरी तरफ, आरोपी सिपाही मोहित यादव ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद और गलत बताया है। सिपाही का दावा है कि छात्रा उसे झूठे मामले में फंसाने की कोशिश कर रही है। इस पूरे मामले पर जमानिया सीओ अंकित तिवारी का कहना है कि छात्रा की शिकायत के आधार पर सिपाही के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। कथित धमकी भरे फोन कॉल, चैट और दोनों पक्षों के दावों की गहनता से जांच की जा रही है, और जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

