होटल कारोबारी के बेटे की हत्या का आरोपी मुठभेड़ में ढेर: स्वाट टीम प्रभारी को लगी गोली, तीन आरोपी अब भी फरार

होटल कारोबारी के बेटे विनीत राय हत्याकांड में वांछित और एक लाख रुपये के इनामी आरोपी कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। शहर मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर कुर्था क्षेत्र में कार्रवाई हुई। इस दौरान स्वाट टीम प्रभारी एवं सब इंस्पेक्टर रोहित मिश्रा भी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
वाराणसी रेंज के डीआईजी ने हाल ही में विनीत राय हत्याकांड के चार नामजद आरोपियों पर इनाम घोषित किया था। मुख्य आरोपी शंकर पांडे और कमलेश बिंद पर एक-एक लाख रुपये का इनाम रखा गया था। वहीं अन्य दो आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। इसी दौरान कमलेश बिंद की लोकेशन मिलने पर पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई की।
सूचना मिलते ही घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि सूचना मिली कि विनीत राय हत्याकांड का आरोपी कमलेश बिंद कुर्था क्षेत्र स्थित पवहारी बाबा आश्रम के आसपास छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस और स्वाट टीम ने इलाके की घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्ध व्यक्ति वहां आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। लेकिन आरोपी ने दूरी से ही पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। मुठभेड़ के दौरान कमलेश बिंद गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस दौरान आरोपी की गोली स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा के कंधे में भी लगी। पुलिस ने मौके से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है। अधिकारियों के मुताबिक कमलेश के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, धमकी, मारपीट और शस्त्र अधिनियम सहित सात आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
एक करोड़ की रंगदारी न देने पर हुई थी हत्या
29 मई की रात सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित बिंदु होटल के बाहर होटल कारोबारी आलोक राय के बेटे विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया था कि वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने कथित रूप से व्हाट्सएप ग्रुप ‘कटरा गैंग’ के जरिए योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार एक करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग पूरी न होने पर हत्या की साजिश रची गई। घटना के दिन विनीत राय होटल में मौजूद थे। रात में घर जाने से पहले वह होटल के गेट तक पहुंचे थे। तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाश वहां पहुंचे। उन्होंने पहले बियर खरीदने के बहाने होटल के गार्ड को बातचीत में उलझाया। फिर मौका मिलते ही विनीत पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल विनीत को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कारोबारी परिवार ने उठाए थे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
हत्या के बाद विनीत राय के पिता और होटल कारोबारी आलोक राय ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि वह हर वर्ष करीब एक करोड़ रुपये टैक्स देते हैं। लेकिन इसके बावजूद उनका परिवार सुरक्षित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया था कि कुख्यात अपराधी शंकर पांडे और उसके गिरोह ने पहले भी रंगदारी मांगी थी। होटल पर हमला कर नुकसान पहुंचाया था। इस संबंध में कई सीनियर अफसर को शिकायत भी दी गई थी। लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। विनीत राय की हत्या के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया था। उनकी पत्नी, माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। पत्नी ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग की थी। अब पुलिस की कार्रवाई में एक आरोपी मारा जा चुका है। जबकि इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी शंकर पांडे समेत तीन अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
तीन आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि इस चर्चित हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा। मामले में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।





