गाजीपुर में करंट की चपेट में आने से मां-बेटी की मौत: खेत में साफ कर रही थीं खरपतवार: लोगों ने किया प्रदर्शन

गाजीपुर|1 घंटा पहले
खेत में साफ कर रही थीं खरपतवार: लोगों ने किया प्रदर्शन

सैदपुर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह खेत में काम कर रही मां-बेटी की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। धान की रोपाई की तैयारी के दौरान बिजली के पोल के स्टे वायर में उतरे करंट की चपेट में पहले महिला आई। उसे बचाने के लिए दौड़ी उसकी नाबालिग बेटी भी करंट की चपेट में आ गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, परिजनों की शिकायत पर बिजली विभाग की भूमिका की जांच शुरू कर दी गई है।

यह हादसा जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर बलुआ भीरा गांव में हुआ। जानकारी के अनुसार, राममूरत यादव सुबह करीब नौ बजे पशुओं को चराने के लिए खेत की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी पत्नी सीमा और सबसे छोटी बेटी खुशी धान की रोपाई से पहले खेत में खरपतवार साफ कर रही थीं। तभी खेत के किनारे लगे बिजली के पोल के स्टे वायर में करंट उतर आया और सीमा उसकी चपेट में आ गईं।

ग्रामीणों ने तुरंत कटवाई बिजली सप्लाई

जानकारी के अनुसार, मां को करंट से चिपका देख बेटी खुशी उन्हें बचाने के लिए दौड़ी और उनका हाथ पकड़ लिया। लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद मां-बेटी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

प्रशासन ने दिया मदद का भरोसा

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। मौके पर पहुंचीं एसडीएम ज्योति चौरसिया ने परिजनों को सरकारी आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद स्थिति शांत हुई। पुलिस ने दोनों बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

बिजली विभाग के खिलाफ तहरीर

मृतका के पति राममूरत यादव ने बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि उनकी बड़ी बेटी सीता और बेटे पिंटू की शादी हो चुकी है। बेटा पिंटू मुंबई में मजदूरी करता है और घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार सहित घर के लिए रवाना हो गया है। परिवार की दूसरी बेटी मौसम इंटरमीडिएट और बेटा अरविंद हाईस्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं। वहीं, खुशी कक्षा आठ की छात्रा थी। सीओ रामकृष्ण तिवारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सैदपुर इंस्पेक्टर अनिल सिंह ने कहा कि तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही बिजली विभाग की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।