गोंडा में ढाई लाख के लेनदेन पर खूनी संघर्ष: दबंगों ने मां-बेटे पर किया जानलेवा हमला, पीड़ित की टूटी उंगली

नगर कोतवाली क्षेत्र में ढाई लाख रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। फैजाबाद रोड बाईपास निवासी युवक और उसकी मां ने चार लोगों पर गाली-गलौज करने और लात-घूंसों, डंडों व ईंट के टुकड़ों से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना रविवार, 25 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे की बताई गई है। पीड़ित जियाउर्रहमान ने सोमवार सुबह नगर कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दी और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। उसका आरोप है कि हमले में उसके सिर और शरीर पर चोटें आईं, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची मां शम्मो की उंगली टूट गई। नगर कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जियाउर्रहमान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि फैजाबाद रोड बाईपास निवासी सायना खातून पत्नी वसीम के साथ एक काम को लेकर बातचीत हुई थी। इसके तहत ढाई लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। पीड़ित के मुताबिक, उसने 25 हजार रुपये का चेक पहले ही दे दिया था और बाकी रकम काम पूरा होने के बाद दी जानी थी। आरोप है कि 25 अक्टूबर की शाम विपक्षी पक्ष ने बातचीत के बहाने उसे और उसकी मां को अपने घर बुलाया। वहां मोहम्मद वसीम, उसके बेटे अनस, चुनू और सायना खातून ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर लात-घूंसों और डंडों से पीटा
तहरीर के अनुसार, जियाउर्रहमान और उसकी मां ने जब गाली-गलौज का विरोध किया तो आरोपियों ने दोनों पर हमला कर दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उन्हें थप्पड़ों, लात-घूंसों, डंडों और ईंट के टुकड़ों से पीटा गया। इस दौरान जियाउर्रहमान के सिर और शरीर पर चोटें आईं, जबकि उसकी मां शम्मो की उंगली टूट गई। पीड़ित ने आरोपियों को दबंग बताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, घटना को लेकर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई
पीड़ित ने सोमवार सुबह करीब 10 बजे नगर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को शिकायत सौंपी। नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पीड़ित पक्ष का मेडिकल परीक्षण भी कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

