गोंडा में पूर्व सीएम के खिलाफ लगा आपत्तिजनक पोस्टर: अतीक-मुख्तार की तस्वीरें लगाईं, सपा नेता ने जताया कड़ा विरोध

गोंडा-लखनऊ हाईवे पर चौपाल सागर के पास सोमवार तड़के समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी पूर्व सरकार को लेकर विवादित पोस्टर लगाए गए। इन पोस्टरों में अखिलेश यादव के साथ अतीक अहमद, आजम खान और मुख्तार अंसारी की तस्वीरें लगाई गई थीं। पोस्टर सामने आने के बाद स्थानीय सपा कार्यकर्ताओं में हलचल मच गई। पोस्टरों में अतीक अहमद, आजम खान और मुख्तार अंसारी से जुड़ी खबरों की कटिंग भी लगाई गई थी।
पोस्टरों पर लिखा था, “आजम, अतीक और मुख्तार यही चलाते थे सरकार” और “अखिलेश के माफिया, माफिया के अखिलेश।” इन नारों और तस्वीरों के जरिए अखिलेश यादव और सपा की पूर्व सरकार को उक्त नेताओं से जोड़ने का संदेश दिया गया। पोस्टर किसने लगाए, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, पोस्टर सामने आने के बाद सपा नेताओं की ओर से इसका विरोध किया गया।
छवि खराब करने का प्रयास
लखनऊ जा रहे समाजवादी लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव लाल चंद्र गौतम को पोस्टर लगे होने की जानकारी मिली। उन्होंने सोमवार सुबह अपनी गाड़ी रोकी और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों पोस्टर फाड़ दिए। गौतम ने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोग लगातार उनके नेता के खिलाफ विवादित पोस्टर लगाकर उनकी छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर अहंकारी, भ्रष्टाचारी और चंदा चोर होने के आरोप भी लगाए।

पहले भी दो बार लगाए जा चुके हैं विवादित पोस्टर
लाल चंद्र गौतम ने दावा किया कि माफियाओं का संबंध उनके नेता से नहीं, बल्कि भाजपा के बड़े नेताओं से है। उनके साथ सोनू खान भी मौजूद थे, जिन्हें गौतम ने वजीरगंज का रनर जिला पंचायत बताया। गौतम के अनुसार, जिले में इस तरह के विवादित पोस्टर पहले भी दो बार लगाए जा चुके हैं। उनका कहना है कि दोनों घटनाओं के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने पोस्टर हटाए थे।










