गोंडा में विसर्जन से लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ट्रक से भिड़ी: हादसे में दो की मौत; नौ घायल, एक किशोर के पैर का पंजा कटा

जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कर लौट रहे लोगों की ट्रैक्टर-ट्रॉली गोंडा-अयोध्या हाईवे पर ट्रक से टकरा गई। वजीरगंज थाना क्षेत्र में राजा सगरा के पास हुए इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। घायलों को गोंडा मेडिकल कॉलेज और जिला मुख्यालय के विभिन्न निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मोतीगंज थाना क्षेत्र के गोविंदपारा निवासी 20 वर्षीय संजय कोरी और 15 वर्षीय आशीष गौतम के रूप में हुई है। घायलों में 15 वर्षीय नितिन भी शामिल है। हादसे में उसके दाहिने पैर का पंजा कट गया और दाहिना हाथ फ्रैक्चर हो गया। इसके अलावा 20 वर्षीय सोनू, 30 वर्षीय विजय वर्मा, 35 वर्षीय संतोष वर्मा, 30 वर्षीय विनय कुमार, 16 वर्षीय राजेश कुमार, 35 वर्षीय शिवकुमार, 28 वर्षीय रामकुमार और 30 वर्षीय रामनारायण घायल हुए हैं। सभी घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। वे गोविंदपारा और भरहापारा गांव के निवासी बताए गए हैं।
अयोध्या से प्रतिमा विसर्जित कर लौट रहा था समूह
जानकारी के मुताबिक, गोविंदपारा गांव से लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए अयोध्या गए थे। प्रतिमा विसर्जित करने के बाद सभी घर लौट रहे थे। इसी दौरान राजा सगरा के पास सामने से आ रहे ट्रक से उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत हो गई। बताया गया है कि ट्रक भी दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए गोंडा से अयोध्या जा रहा था। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया।
पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव
वजीरगंज पुलिस ने संजय कोरी और आशीष गौतम के शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। सीओ तरबगंज डॉ. उमेश्वर प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है और नौ लोग घायल हुए हैं। उनके अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार लोग प्रतिमा विसर्जन करके लौट रहे थे, जबकि ट्रक सवार लोग विसर्जन के लिए जा रहे थे। घायलों का गोंडा मेडिकल कॉलेज और अन्य अस्पतालों में इलाज जारी है। हादसे की जांच वजीरगंज पुलिस कर रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

