गोंडा में सरयू नदी में डूबीं दो सगी बहनें: मछलियों को दाना डालते समय फिसला पैर, छोटी बहन को बचाने में बड़ी डूबी
जिले में रविवार सुबह सरयू नदी में दर्दनाक हादसा हो गया। भौरीगंज स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर के पास नदी किनारे मछलियों को दाना डालते समय सुहानी का पैर फिसल गया। वह गहरे पानी में चली गई। छोटी बहन को डूबता देख सुप्रिया उसे बचाने के लिए नदी में उतर गई, लेकिन तेज गहराई के कारण वह भी संभल नहीं सकी। कुछ ही देर में दोनों बहनें नदी में डूब गईं। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
दोनों बहनें परसपुर थाना क्षेत्र की राजपुर ग्राम पंचायत के बद्दु पुरवा की रहने वाली थीं। वे अरुण कुमार तिवारी की बेटियां थीं। रविवार सुबह दोनों घर से करीब एक किलोमीटर दूर भौरीगंज स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर पहुंची थीं। करीब 11:30 बजे दोनों नदी किनारे बैठकर मछलियों को दाना डाल रही थीं। इसी दौरान सुहानी का अचानक पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिर गई। बहन को बचाने की कोशिश में सुप्रिया भी नदी में उतर गई और पानी की गहराई में डूब गई।
ग्रामीणों ने नदी में उतरकर शुरू किया बचाव
दोनों बहनों के नदी में डूबने की जानकारी होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल नदी में उतरकर उनकी तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद दोनों को बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। दो बेटियों की मौत से परिवार में मातम छा गया।
नदी में बढ़ा था पानी का स्तर
थानाध्यक्ष कमला शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि दोनों लड़कियां सरयू नदी किनारे मछलियों को दाना डालने गई थीं। नदी में पानी का स्तर बढ़ा हुआ था। पहले छोटी बहन का पैर फिसला और वह पानी में चली गई। उसे बचाने के प्रयास में बड़ी बहन भी नदी में उतरी, लेकिन दोनों डूब गईं। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।











