गोंडा में ‘शिक्षा बचाओ जन आंदोलन’ शुरू: गांधी पार्क जाने से रोके गए प्रदर्शनकारी, बैरिकेडिंग पर चढ़कर की नारेबाजी

गोंडा|08 सितंबर 2026
गांधी पार्क जाने से रोके गए प्रदर्शनकारी, बैरिकेडिंग पर चढ़कर की नारेबाजी

जिले में प्राइवेट स्कूलों की मनमानी, बढ़ती फीस और बच्चों-अभिभावकों के शोषण के विरोध में मंगलवार को राष्ट्रीय छात्र पंचायत ने ‘शिक्षा बचाओ जन आंदोलन’ शुरू किया। गांधी पार्क में सुबह 11:30 बजे से प्रस्तावित आंदोलन के लिए बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग अलग-अलग रास्तों से पहुंचे। प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के बावजूद कार्यक्रम शुरू होने के बाद पुलिस ने गांधी पार्क की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कई जगह बहस की स्थिति बनी।

गोंडा पुलिस ने एलबीएस चौराहे से सागरा तालाब तक कई स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाई है। पुलिस लोगों को गांधी पार्क के भीतर जाने से रोक रही है। इस दौरान बच्चों, जेन-जी और राष्ट्रीय छात्र पंचायत के कार्यकर्ताओं की पुलिसकर्मियों से बहस हुई। कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और तिरंगा लहराते हुए नारेबाजी करने लगे। वे पार्क के भीतर जाने की मांग कर रहे थे। आंदोलन को देखते हुए तीन थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की जा रही है।

मौके पर पहुंचे अधिकारी

मौके पर एएसपी, सीओ और मजिस्ट्रेट समेत कई अधिकारी मौजूद हैं। सीओ नगर योगेंद्र सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा और नगर कोतवाल प्रदर्शनकारियों व बच्चों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। कुछ बच्चों ने सड़क पर प्रदर्शन करने की कोशिश की, जिन्हें नगर कोतवाली पुलिस ने रस्सी लगाकर रोक दिया। अन्य जिलों से भी लोग बसों और निजी वाहनों से आंदोलन के समर्थन में पहुंचे हैं।

22 घंटे के धरने के बाद शुरू हुआ आंदोलन

राष्ट्रीय छात्र पंचायत के कार्यकर्ता सोमवार से ही गांधी पार्क के बाहर धरने पर बैठे थे। करीब 22 घंटे के धरने के बाद मंगलवार को ‘शिक्षा बचाओ जन आंदोलन’ शुरू किया गया। लाल बहादुर शास्त्री चौराहे पर 100 से अधिक लोग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे। पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग पर रोक दिया। काफी देर तक पुलिस से बहस के बाद वे गांधी पार्क की ओर बढ़े।

राष्ट्रीय अध्यक्ष की पुलिस से बहस का वीडियो वायरल

इस दौरान राष्ट्रीय छात्र पंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम पांडे की सद्भावना चौकी प्रभारी से बहस का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में शिवम पांडे पुलिस से छात्रों को अंदर आने देने की मांग करते नजर आ रहे हैं। वहीं, पुलिसकर्मी से बहस के दौरान उन्हें यह कहते सुना जा सकता है कि “चिल्ला क्यों रहे हो, गर्मी क्यों दिखा रहे हो।” शिवम पांडे का आरोप है कि छात्रों को आने से रोका जा रहा है और उन पर दबाव बनाया जा रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।