गोंडा में कोचिंग जा रही छात्रा को झाड़ी में गिराया: विरोध करने पर युवक ने चाकू से किया हमला, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
मनकापुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार दोपहर कोचिंग जा रही छात्रा पर अज्ञात युवक ने चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने पहले साइकिल से छात्रा को धक्का देकर झाड़ी में गिराया। छात्रा ने विरोध किया तो उसने चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं।
छात्रा कोचिंग पढ़ने जा रही थी। उसके पिता के मुताबिक, आरोपी ने पहले मोटरसाइकिल खड़ी की और फिर साइकिल से छात्रा को धक्का दे दिया। वह झाड़ी में गिर गई। उठकर साइकिल निकालने के दौरान छात्रा ने आरोपी का विरोध किया। आरोप है कि इसी पर युवक ने चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया।
नौ घंटे इलाज के बाद घर भेजा
घायल छात्रा को परिजन इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनकापुर ले गए। करीब नौ घंटे उपचार के बाद सोमवार रात 11 बजे उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसके बाद परिजन उसे घर ले गए। पिता का कहना है कि उन्हें बेटी की सुरक्षा को लेकर डर बना हुआ है। उन्हें आशंका है कि दोबारा कोचिंग जाते समय उसके साथ कोई घटना हो सकती है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीमें
एसपी अभिषेक झा ने मंगलवार को आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें लगाईं। टीमें घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। छात्रा और स्थानीय लोगों से भी जानकारी ली जा रही है। मनकापुर सीओ उदित नारायण पालीवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उसकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। छात्रा का मेडिकल परीक्षण और इलाज कराया गया है। मामले की जांच जारी है।











