गोरखपुर में तालाब में डूब रहे युवक को मिला जीवनदान: विसर्जन ड्यूटी में सिपाही अजीत कुमार ने दिखाई बहादुरी, तैरकर युवक को मौत के मुंह से बचाया

गोरखपुर|
विसर्जन ड्यूटी में सिपाही अजीत कुमार ने दिखाई बहादुरी, तैरकर युवक को मौत के मुंह से बचाया
सेव सूची

गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र में लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसा हो गया। प्रतिमा विसर्जन करने गया एक युवक अचानक डूबने लगा। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात आरक्षी अजीत कुमार ने साहस और तत्परता की मिसाल पेश करते हुए युवक को मौत के मुंह से बचा लिया। दरअसल, गुरुवार को पिपराइच थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरा वसंत में लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान एक युवक अचानक डूबने लगा। आस-पास मौजूद लोग इसका वीडियो बनाने हुए चिल्लाने लगे। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात सिपाही अजीत कुमार ने बिना देरी किए तालाब में छलांग लगा दी। उन्होंने डूब रहे व्यक्ति को तैरकर मौत के मुंह से बाहर निकाला और उसे घाट तक लेकर आए।

सिपाही अजीत कुमार।
सिपाही अजीत कुमार।

मना करने पर भी गहरे पानी में चला गया युवक

प्रतिमा विसर्जन के दौरान पिपरा वसंत का रहने वाला अमरजीत पासवान का बेटा आकाश पासवान गहरे पानी में जाने लगा। यह देखकर आस-पास खड़े लोगों ने उसे मना किया। लेकिन वह रुकने की बजाय और अंदर चला गया। तालाब की गहराई अधिक होने के चलते वह डूबने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात आरक्षी अजीत कुमार तत्काल तालाब में कूद पड़े। और आकाश पासवान को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाद चिकित्सीय उपचार मिलने के बाद वह खतरे से बाहर है।

समय पर कार्रवाई से टली बड़ी अनहोनी

आरक्षी अजीत कुमार की त्वरित कार्यवाही और साहस के चलते एक अप्रिय घटना होने से बच गई। समय पर की गई कार्रवाई से एक युवक की जान बच गई। आरक्षी के इस सराहनीय कार्य की स्थानीय ग्रामीणों एवं क्षेत्रीय लोगों द्वारा प्रशंसा की जा रही है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।