बड़हलगंज में अमावस्या पर हुई मां काली की पूजा: भक्तों के जयकारों से गूंजा पंडाल, पुलिसकर्मियों ने बच्चों को बांटी मिठाई

उपनगर बड़हलगंज स्थित अधिष्ठात्री देवी मां काली के अति प्राचीन मंदिर काली चौरा में अमावस्या की रात्रि श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मां काली की विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच आचार्य कन्हैया लाल तिवारी ने विधि-विधान से पूजन कराया। इस दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और मां काली के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
अमावस्या के अवसर पर मंदिर में सुबह से ही धार्मिक माहौल बना रहा। रात्रि में पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मां काली के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा के साथ मां के चरणों में शीश नवाया और अपने परिवार तथा समाज के कल्याण की प्रार्थना की।
वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार इस बार भी मंदिर प्रांगण में बंगाली कलाकारों द्वारा निर्मित मां काली की आकर्षक एवं मनमोहक प्रतिमा स्थापित की गई। प्रतिमा की सुंदर सजावट और मां काली का भव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। प्रतिमा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे।

स्थानीय श्रद्धालुओं के बीच मां काली के प्रति गहरी आस्था है। धार्मिक मान्यता है कि सच्चे मन और श्रद्धा से मांगी गई मनोकामना मां काली अवश्य पूर्ण करती हैं। इसी विश्वास के साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं।
पूजन कार्यक्रम के दौरान श्रवण जायसवाल, नित्यानंद जायसवाल, आचार्य अनिल, आदित्य विश्वकर्मा, दुर्गेश वर्मा, अनीश मिश्रा, राजन सोनकर और नीरज यादव सहित कई श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

अमावस्या पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम ने बड़हलगंज में आस्था और भक्ति का माहौल बना दिया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला और मां काली के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।