गोरखपुर में भाजपा में नई नियुक्तियां: पूजा सिंह बनीं महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष, प्रीति शाही को मिली महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी
भाजपा ने संगठनात्मक नियुक्तियों के तहत गोरखपुर में महिला, किसान और अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चों की कमान नए चेहरों को सौंपी है। बेलघाट की ब्लॉक प्रमुख पूजा सिंह कौशिक को महिला मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि प्रीति शाही को महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है।
पूजा सिंह कौशिक गोरखपुर विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रनेता स्वर्गीय सूर्यप्रकाश सिंह कौशिक की पत्नी हैं। वहीं, कई बार पार्षद रह चुके जितेंद्र सैनी को गोरखपुर महानगर किसान मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। धर्मराज गोंड को एसटी मोर्चा का जिलाध्यक्ष और विनोद कुमार गोंड को महानगर अध्यक्ष बनाया गया है। भाजपा ने कई मोर्चों के अध्यक्षों की सूची जारी की। महिला मोर्चा की नियुक्तियों का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था। गोरखपुर जिला और महानगर, दोनों इकाइयों में क्षत्रिय समाज से जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं। हालांकि, गोरखपुर जिले के किसान मोर्चा अध्यक्ष की घोषणा अभी नहीं हुई है।
युवा मोर्चा के पदों पर सस्पेंस बरकरार
एसटी मोर्चा के अध्यक्षों की घोषणा के साथ संगठन की नियुक्तियों का इंतजार कर रहे कार्यकर्ताओं को राहत मिली है। हालांकि, भाजपा युवा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष के साथ जिला और महानगर अध्यक्षों के नाम अब तक घोषित नहीं किए गए हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इन पदों के लिए गोरखपुर के कई युवा नेता लखनऊ और दिल्ली के चक्कर लगा रहे हैं। वहीं, कई जनप्रतिनिधि भी अपने पसंदीदा चेहरों को संगठन में जगह दिलाने की कोशिश में जुटे हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

