ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत: एक वर्ष पहले सड़क हादसे में हुआ था घायल, परिवार में मचा कोहराम

गोरखपुर|09 जून 2026
एक वर्ष पहले सड़क हादसे में हुआ था घायल, परिवार में मचा कोहराम

चौरी चौरा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना करमहा ओवरब्रिज के पास हुई। जहां रेलवे ट्रैक के किनारे युवक की बॉडी मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की जानकारी दी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मृतक की पहचान विकास भारती पुत्र बल्ली निवासी आमकोल, थाना चौरी चौरा के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। इसके बाद परिजन भी घटनास्थल और थाने पहुंचे। पुलिस ने बॉडी का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

सड़क हादसे के बाद बिगड़ गई थी मानसिक स्थिति

परिजनों के अनुसार विकास करीब एक वर्ष पहले एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया था। उस हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट आई थी। इसके बाद लंबे समय तक उसका इलाज चला। हालांकि इलाज के बाद उसकी शारीरिक स्थिति में कुछ सुधार हुआ। लेकिन मानसिक रूप से वह पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो पाया था। परिवार लगातार उसका इलाज करा रहा था। उसकी विशेष देखभाल की जा रही थी।

मामले की जांच कर रही पुलिस

बताया जा रहा है कि रविवार रात विकास घर से निकल गया था। सोमवार सुबह जब वह घर पर नहीं मिला तो परिजनों ने समझा कि वह आसपास कहीं गया होगा और कुछ देर में लौट आएगा। इसी बीच ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत की सूचना मिली। विकास अविवाहित था। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।