चचेरे भाई ने साथियों संग किया जानलेवा हमला: घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, शराब पिलाकर चाकू से किया वार

गोरखपुर|1 घंटा पहले
घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, शराब पिलाकर चाकू से किया वार

गीडा थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, मृतक का अपने चचेरे भाई की सगी मौसी से प्रेम संबंध था। जिससे नाराज आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान गीडा थाना क्षेत्र के बनगावां निवासी 28 वर्षीय विजय पाल के रूप में हुई है। विजय पाल के पिता कृष्ण कुमार गांव के पूर्व प्रधान रह चुके हैं। परिवार के अनुसार विजय अपने भाई के साथ बेंगलुरु में पेंट पॉलिश का काम करता था। करीब छह दिन पहले ही गांव लौटा था। रविवार देर रात उसका चचेरा भाई विनय उसे किसी बहाने से गांव से करीब 500 मीटर दूर स्थित एक ईंट-भट्ठे पर ले गया। वहां पहले से कुछ अन्य युवक भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने विजय को शराब पिलाई और नशे की हालत में पहुंचने के बाद उस पर अचानक चाकुओं से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके सीने और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल विजय को मृत समझकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

जिला अस्पताल लेकर पहुंचे परिजन

खून से लथपथ हालत में विजय किसी तरह गांव पहुंचा और मदद के लिए शोर मचाया। परिजन और ग्रामीण तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

प्रेम संबंध को लेकर था विवाद

पुलिस जांच में सामने आया है कि विजय का आरोपी विनय की सगी मौसी से प्रेम संबंध था। इस बात को लेकर गांव में लंबे समय से चर्चा थी। आरोपी इस रिश्ते से नाराज था। पुलिस का मानना है कि इसी रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई। सीओ गीडा योगेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।