योगी के गढ़ में अखिलेश की 20 KM लंबी रथयात्रा: 2027 के लिए भाजपा को खुली चुनौती, बोले- गोरखपुर की सभी 9 सीटें जीतेंगे

गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को 2027 विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी मोड में नजर आए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ में उन्होंने करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। एयरपोर्ट से निकलने के बाद जगह-जगह सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। मोतीराम अड्डा के पास उनके काफिले की लंबाई करीब दो किलोमीटर तक पहुंच गई।
अखिलेश यादव PDA रथ की छत पर सवार होकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। कई जगहों पर क्रेन की मदद से उन्हें बड़ी-बड़ी मालाएं पहनाई गईं। रोड शो में सपा कार्यकर्ता रथ के आगे और पीछे दौड़ते हुए नजर आए। इस दौरान ‘टीपू इज बैक’ के पोस्टर भी लहराए गए। इस दौरान अखिलेश ने दावा किया कि 2027 में गोरखपुर की सभी नौ विधानसभा सीटों पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा।
ढोल-नगाड़ों और मंत्रोच्चार के साथ हुआ स्वागत
अखिलेश यादव बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे निजी विमान से गोरखपुर पहुंचे। एयरपोर्ट के बाहर एक हजार से अधिक सपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम में ढोल-नगाड़े बजाए गए और छह बटुकों ने मंत्रोच्चार किया।
इसके बाद अखिलेश यादव PDA रथ पर सवार होकर रोड शो के लिए रवाना हुए। रास्ते में समर्थकों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। डीजे पर ‘यूपी के कोने-कोने में भैयाजी को जिताना है’ और ‘2027 में अखिलेश आ रहे हैं’ जैसे चुनावी गाने बजाए जा रहे हैं।
तीन विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगा रोड शो
अखिलेश यादव का रोड शो गोरखपुर शहर, गोरखपुर ग्रामीण और चौरी-चौरा विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगा। चौरी-चौरा में वह एक रैली को भी संबोधित करेंगे। इसके अलावा भाजपा के पूर्व नेता विनय कुमार सिंह बिन्नू की 10वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल होंगे।
सपा प्रमुख शहीद बंधु सिंह की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। इसके बाद वह दिवंगत पूर्व मंत्री हरिशंकर तिवारी के परिवार से मिलने तिवारी हाता जाएंगे। हरिशंकर तिवारी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का राजनीतिक विरोधी माना जाता था।
2022 में भाजपा ने जीती थीं गोरखपुर की सभी 9 सीटें
गोरखपुर जिले में विधानसभा की कुल 9 सीटें हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जिले की सभी सीटों पर जीत दर्ज की थी। ऐसे में अखिलेश यादव का गोरखपुर में रोड शो आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सपा के राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।
अपडेट्स
भीड़ को देखकर उत्साहित दिखे अखिलेश यादव
अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला, बोले- 'गोरखपुर का अपमान इसी सरकार ने किया', 2027 में सभी सीटें जीतने का दावा
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने गोरखपुर की सभी विधानसभा सीटों पर सपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि इस शहर का अपमान किसी ने किया है तो इसी सरकार ने किया है। अखिलेश ने कानून व्यवस्था, बेरोजगारी, महंगाई, स्वास्थ्य सुविधाओं और किसानों की समस्याओं को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे देश को आगे बढ़ाने का काम करेगी।
'टैबलेट नहीं, नौजवानों को 2014 का मॉडल दे दिया'
अखिलेश यादव ने युवाओं को दिए जा रहे टैबलेट को लेकर भी सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि टैबलेट का हिंदी में मतलब गोली होता है। नौजवान कह रहे हैं कि उन्हें 2014 का मॉडल दे दिया गया है। उन्होंने अपनी सरकार के दौरान बांटे गए लैपटॉप का जिक्र करते हुए कहा कि सपा सरकार में लैपटॉप मिलने से युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिला था।
उन्होंने हरदोई की एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि वहां एक अधिकारी ने लैपटॉप खोला तो उसमें उनकी और नेताजी मुलायम सिंह यादव की तस्वीर दिखाई दी। अखिलेश ने गन्ने से प्लास्टिक जैसा मैटेरियल तैयार करने की तकनीक का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर इसके कारखाने भी लगाए जाएंगे।
फ्लाईओवर निर्माण में जनता की राय को प्राथमिकता देने का वादा
सपा प्रमुख ने गोरखपुर में फ्लाईओवर निर्माण को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अजय कुमार सिंह टप्पू उनके साथ आए हैं और उन्होंने फ्लाईओवर से लोगों को होने वाली असुविधाओं के बारे में बताया है। अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर जनता की पसंद और जरूरत के मुताबिक फ्लाईओवर बनाए जाएंगे।
उन्होंने महंगाई और किसानों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन किसानों को उसी अनुपात में मदद नहीं मिल रही है। पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने के फैसले पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को पेट्रोल सस्ता करना चाहिए था, लेकिन वह उसमें एथेनॉल मिलाकर दे रही है। उन्होंने E20 पेट्रोल को लेकर भी चिंता जताई और दावा किया कि इससे मोटरसाइकिलों को नुकसान हो सकता है।
'सपा सरकार बनी तो बिना कार्ड के मिलेगा मुफ्त इलाज'
अखिलेश यादव ने स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निजी अस्पतालों की संख्या बढ़ी है, लेकिन मेडिकल कॉलेजों और एम्स में भी लोगों को पर्याप्त इलाज की सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने नर्सिंग स्टाफ के वेतन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों में उनके वेतन में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हुई।
अखिलेश ने वादा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर मेडिकल कॉलेजों में एम्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। गरीबों को इलाज के लिए किसी कार्ड की जरूरत नहीं होगी। वे अस्पतालों में बिना कार्ड के पहुंचकर मुफ्त इलाज और दवाइयां प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने सैफई मेडिकल कॉलेज और लखनऊ के लोहिया अस्पताल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां पहले भी मुफ्त इलाज की व्यवस्था की गई थी। उनका कहना था कि प्रदेश में दोबारा ऐसी स्वास्थ्य व्यवस्था लागू की जा सकती है।
सात बार के सांसद और पांच बार के विधायक को लेकर भाजपा पर तंज
सपा प्रमुख ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग पांच और सात की गिनती भी नहीं समझ पा रहे हैं। अखिलेश ने तंज कसते हुए पूछा कि सात बार का सांसद बड़ा होता है या पांच बार का विधायक? उन्होंने कहा कि सात बार के सांसद प्रदेश अध्यक्ष बने हैं, जबकि पांच बार के विधायक राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं।
उन्होंने गोरखपुर की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यहां अब उल्टी गिनती शुरू हो गई है। अखिलेश ने भाजपा नेताओं के एक साथ खिचड़ी खाने पहुंचने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके पीछे भी राजनीतिक संदेश था।
योगी आदित्यनाथ पर निशाना, बोले- 'ये नकली संत हैं'
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए उनके राजनीतिक और धार्मिक उत्तराधिकार को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विरासत में गद्दी मिलने की बात करने वालों को पहले अपने राजनीतिक और पारिवारिक इतिहास पर नजर डालनी चाहिए।
उन्होंने गोरखनाथ मठ के उत्तराधिकारी चयन का जिक्र करते हुए सवाल किया कि आखिर मुख्यमंत्री को इतनी कम उम्र में इतनी बड़ी जिम्मेदारी कैसे मिली? उन्होंने आरोप लगाया कि मठ से जुड़े दूसरे साधु-संतों को अवसर नहीं दिया गया। इसी दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए उन्हें 'नकली संत' कहा और दावा किया कि असली संत कोई और थे।
भैंस चराने वाले बयान पर अखिलेश का पलटवार
अखिलेश यादव ने भैंस चराने को लेकर की गई टिप्पणी पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भैंस या गाय चराना कोई खराब काम नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर कुछ परिस्थितियां अलग होतीं तो वह भी भैंस चराते।
सपा प्रमुख ने किसानों की खाद की किल्लत का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार बताए कि किसानों को डीएपी और दूसरी खादें समय पर क्यों नहीं मिल रही हैं। उन्होंने खाद की बोरियों में चोरी और खाद की उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठाए। अखिलेश ने कहा कि राजनीति में इस तरह की व्यक्तिगत टिप्पणियां नहीं होनी चाहिए।
अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, बोले- हिसाब-किताब शुरू हुआ तो इंटरनेट काट दिया
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए विकास, कानून व्यवस्था, शिक्षा और बेरोजगारी के मुद्दों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के दावे करती है, लेकिन प्रदेश में हजारों प्राथमिक स्कूल बंद कर दिए गए और शराब के ठेकों की संख्या बढ़ा दी गई। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि जो देश विश्वगुरु बनने की बात करता है, वहां हिसाब-किताब शुरू होते ही इंटरनेट काट दिया गया।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार का विकास मॉडल समझ से परे है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 26 हजार प्राथमिक स्कूल बंद किए गए और करीब 27 हजार शराब के ठेके खुलवाए गए। उन्होंने कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि आखिर इसे किस तरह का विकास माना जा रहा है। सपा प्रमुख ने विरासत में गद्दी मिलने और बुद्धि नहीं मिलने वाली कहावत का जिक्र करते हुए भी भाजपा पर कटाक्ष किया।
गोरखपुर में कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने गोरखपुर की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था के नाम पर गोरखपुर में गोरखधंधा चल रहा है और प्रदेश में सबसे खराब स्थिति यहीं है। उन्होंने पुलिस विभाग पर लोगों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाते हुए एक ब्राह्मण परिवार के साथ कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा उठाया।
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि परिवार को अपमानित किया गया और पुलिस ने उससे जूता चटवाया। उन्होंने इस घटना का जिक्र करते हुए सरकार से सवाल किया कि क्या प्रदेश में लोगों को सम्मान और न्याय मिल रहा है।
69000 शिक्षक भर्ती में आरक्षण घोटाले का आरोप
अखिलेश यादव ने 69000 शिक्षक भर्ती का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इसमें आरक्षण से जुड़ी अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों ने न्याय के लिए हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक का दरवाजा खटखटाया और उन्हें न्याय भी मिला, लेकिन सरकार ने फैसलों को लागू नहीं किया।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग के अभ्यर्थियों को न्याय दिलाया जाएगा। अखिलेश ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में देश के सबसे ज्यादा पेपर लीक हुए हैं। उनके मुताबिक, परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
गोरखपुर में भाजपा को डबल जीरो मिलने का दावा
सपा प्रमुख ने गोरखपुर में जुटी भीड़ और लोगों के उत्साह का जिक्र करते हुए कहा कि अगर आज चुनाव हो जाए तो भाजपा को गोरखपुर में भी 'डबल जीरो' मिलेगा। उन्होंने शहर की स्थिति पर तंज कसते हुए कहा कि गोरखपुर आकर ऐसा लगा जैसे वह यूरोप पहुंच गए हों, जहां भाजपा के झूठे वादों वाला स्पेन और वेनिस भी मौजूद है।
अखिलेश यादव ने गोरखपुर में मेट्रो चलाने के पुराने वादे का जिक्र करते हुए कहा कि यहां मेट्रो का सपना दिखाया गया था, लेकिन बरसात में लोगों को मेट्रो के बजाय नाव से चलना पड़ता है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके ज्ञान और जानकारी को देखकर लगता है कि वह आजकल वाचस्पति बन गए हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में बदलाव की शुरुआत हो चुकी है और जनता भाजपा सरकार के कामकाज का हिसाब मांग रही है।
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
ऐतिहासिक कार्यक्रम के अखिलेश यादव ने जताया आभार
सपा मुखिया ने कहा कि यहां शायद ही कोई ऐसा है, जिसकी उम्र इतनी हो, जिसने गुलामी देखी हो। अब तो ऐसे बहुत कम लोग बचे हैं। आज भी हमारे अमर बलिदानी बाबू बंधू सिंह हमें याद हैं। उनके साथ पीडीए समाज के बड़ी संख्या में जो लोग शहीद हुए, उन्हें याद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं आभार प्रकट करना चाहता हूं कि इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के लिए। मैं जिस समय उतरा हूं, एयरपोर्ट पर और वहां से चलकर यहां आया हूं। जो लोग बाइक से चलते होंगे, उन्हें ज्यादे से ज्यादे एक घंटा लगता होगा, लेकिन जो जनसमर्थन सड़कों पर दिखाई दिया। जिस तरह से लोग सड़कों पर निकल कर आए। कई घंटों तक चलने के बाद आपके बीच हम आ पाए।
अखिलेश बोले- हम शहीदों पर गर्व करते हैं

चौरीचौरा में आयोजित जनसभा में अखिलेश यादव ने कहा कि जिस समय पूरा देश आंदोलन में था। 1857 की लड़ाई के बाद पूरे देश की जनता सड़कों पर थी। असहयोग आंदोलन चला था। हम चौरी चौरा के उस समय के संघर्ष को भी याद कर रहे हैं। जिसमें बड़ी संख्या में लोग शहीद हुए थे। उस आंदोलन के जरिए देश में संदेश गया। दुनिया के आंदोलनों में चौरी चौरा का नाम दर्ज हो गया। ऐसी धरती पर आने पर हमें गर्व है। हम अपने शहीदों पर गर्व करते हैं, जिनकी वजह से हमें आजादी और आजाद देश मिला है।
सपा सांसद आदित्य यादव ने दिया बड़ा बयान
समाजवादी पार्टी के सांसद आदित्य यादव ने गोरखपुर में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की रथयात्रा को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि गोरखपुर में इस बार सपा की साइकिल चलेगी। उन्होंने भाजपा और उसके सहयोगी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के घटक दल ही विरोध में हैं। आदित्य यादव का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अखिलेश यादव गोरखपुर में रोड शो और जनसभा के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच पहुंच रहे हैं। अखिलेश यादव की रथयात्रा के दौरान एयरपोर्ट से चौरीचौरा तक बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता जुटे। जगह-जगह उनका स्वागत किया गया और पार्टी के समर्थन में नारेबाजी हुई।
अखिलेश यादव का हुआ जोरदार स्वागत
चौरी चौरा के देवकही पहुंचे अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव सभा स्थल चौरी चौरा के देवकही पहुंच गए हैं। वे अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही दिवंगत विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।