गोरखपुर में सीएम योगी ने सुनीं 200 लोगों की फरियादें: अधिकारियों को कार्रवाई के दिए निर्देश, अवैध कब्जे और राजस्व मामलों पर सख्ती

गोरखपुर|
अधिकारियों को कार्रवाई के दिए निर्देश, अवैध कब्जे और राजस्व मामलों पर सख्ती

शारदीय नवरात्र और विजयादशमी के धार्मिक आयोजनों में लगातार तीन दिन व्यस्त रहने के बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी। गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में उन्होंने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हर पीड़ित की समस्या का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है। अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ लोगों की बात सुनने और शिकायतों का संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों के पास भेजते हुए समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा। साथ ही भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि दूसरों की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों और कमजोर लोगों को उजाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। जमीन-जायदाद से जुड़े पारिवारिक विवादों में संबंधित पक्षों को बैठाकर आपसी संवाद के जरिए समाधान निकालने का प्रयास किया जाए। राजस्व और पुलिस से संबंधित शिकायतों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता से करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। इसके अलावा सरकारी योजनाओं का लाभ पाने से वंचित पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।

आयुष्मान कार्ड बनवाने पर दिया जोर

जनता दर्शन में कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि उपचार के लिए सरकार हरसंभव मदद उपलब्ध कराएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज से संबंधित इस्टीमेट तैयार कराने की प्रक्रिया जल्द पूरी कर शासन को भेजी जाए। साथ ही जरूरतमंदों से आयुष्मान कार्ड के बारे में जानकारी ली। जिन लोगों के पास कार्ड नहीं था, उनके कार्ड बनवाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र लोगों को स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिल सके।

गोशाला में गोवंश को खिलाई रोटी-गुड़

जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री मंदिर परिसर की गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गोवंश के माथे पर हाथ फेरा, पीठ थपथपाई और अपने हाथों से रोटी-गुड़ खिलाया। मंदिर परिसर में परिवार के साथ आए बच्चों से भी उन्होंने आत्मीय बातचीत की। बच्चों को चॉकलेट देकर खूब पढ़ने के लिए प्रेरित किया और स्नेह के साथ आशीर्वाद दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।