तिरंगे के रंग में रंगा पूरा गोरखपुर: योगी की अगुवाई में उमड़ा जनसैलाब, ढाई किमी की तिरंगा यात्रा में गूंजे देशभक्ति के नारे
शहर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में सोमवार को निकली तिरंगा यात्रा ने पूरे गोरखपुर महानगर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। नगर निगम परिसर से रेलवे स्टेशन चौक तक करीब ढाई किलोमीटर की यात्रा में हजारों लोग हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। जगह-जगह पुष्प वर्षा, ढोल-नगाड़ों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरा मार्ग गूंजता रहा। सड़क के दोनों ओर मौजूद लोगों ने भी तिरंगा लहराकर यात्रा का उत्साह बढ़ाया।
तिरंगा यात्रा के शुभारंभ से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निगम परिसर के पार्क में स्थापित वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पार्चन किया। उन्होंने प्रथम स्वातंत्र्य समर में रानी लक्ष्मीबाई के योगदान को याद किया। इसके बाद मंच पर पहुंचकर भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और लोगों को राष्ट्र प्रथम की भावना से जुड़ने का संदेश दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री टाउनहाल पहुंचे और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर तिरंगा यात्रा की अगुवाई करते हुए आगे बढ़े। उनके साथ सांसद रवि किशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। स्कूली विद्यार्थियों ने भी यात्रा में उत्साह के साथ भाग लिया।
सड़कों पर दिखा तिरंगे का जनसैलाब
यात्रा शुरू होने से पहले ही नगर निगम परिसर में बड़ी संख्या में लोग जुट गए थे। स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने तिरंगा लेकर यात्रा में हिस्सा लिया। कई लोग हर घर तिरंगा अभियान की टी-शर्ट और टोपी पहने नजर आए। यात्रा आगे बढ़ी तो लोगों की संख्या और उत्साह दोनों बढ़ते गए। हाथों में लहराते तिरंगों से सड़क का पूरा दृश्य राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया। मार्ग में मौजूद विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक संगठनों के साथ आम नागरिकों ने भी मुख्यमंत्री की यात्रा पर पुष्प वर्षा की। मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर और मुस्कुराते हुए लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
16 स्थानों पर पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत
तिरंगा यात्रा के करीब 16 स्थानों पर विभिन्न संगठनों की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुष्प वर्षा और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। होटल शिवाय के सामने दवा विक्रेता समिति, पतंजलि स्टोर के सामने मारवाड़ी युवा मंच, कचहरी चौक पर अधिवक्ता परिषद, कृपाल वस्त्रालय के सामने सिंधी समाज, जलकल के सामने गोलघर व्यापार मंडल और गांधी आश्रम के सामने मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक सेवा समिति ने स्वागत किया। इसके अलावा बलदेव प्लाजा के सामने बलदेव प्लाजा व्यापार एसोसिएशन, गणेश चौक पर सिख समाज, नेशनल मेडिकल स्टोर के पास अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, काली मंदिर के पास पार्षद मनु जायसवाल, साइबर थाना के सामने पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल, पुलिस लाइन तिराहा पर सराफा मंडल, सीओ गोरखपुर कार्यालय के सामने अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, यातायात तिराहा पर राप्ती कॉम्प्लेक्स व्यापार एसोसिएशन, मालकिन होटल के पास चिकित्सा प्रकोष्ठ और वरदान होटल के सामने शिक्षक प्रकोष्ठ की ओर से यात्रा का अभिनंदन किया गया।
आठ जगहों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाया उत्साह
तिरंगा यात्रा के दौरान आठ स्थानों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए भी स्वागत किया गया। होटल शिवाय के पास बंटी बाबा ग्रुप, कचहरी चौक पर सोनिका सिंह ग्रुप, जलकल पर सुगम सिंह ग्रुप, गोलघर सेंट्रल के सामने रुचि कोरी ग्रुप, काली मंदिर के पास हीना कोमल शर्मा ग्रुप, पुलिस लाइन तिराहा पर प्रेम पराया ग्रुप, यातायात तिराहा पर गजेंद्र ग्रुप और वरदान होटल के पास विंध्याचल आजाद ग्रुप ने प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और देशभक्ति के माहौल ने यात्रा में शामिल लोगों का उत्साह और बढ़ा दिया।
महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ समापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हाथ में तिरंगा लेकर रेलवे स्टेशन चौक स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा तक पहुंचे। यहां उन्होंने प्रतिमा पर पुष्पार्चन कर यात्रा का समापन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने तिरंगे के रंग वाले गुब्बारे छोड़े और सेल्फी लेकर इस पल को कैमरे में कैद किया। उन्होंने कुछ बच्चों को चॉकलेट भी दी।
वीडियो बनाते नजर आए लोग
तिरंगा यात्रा के दौरान सड़क किनारे मौजूद लोगों में इस दृश्य को मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड करने और रील बनाने की होड़ रही। डिवाइडर से लेकर दुकानों के बाहर तक लोग यात्रा की तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आए। पूरे मार्ग पर लहराते तिरंगे, देशभक्ति के नारों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने गोरखपुर में तिरंगा यात्रा को यादगार बना दिया।











