गोरखपुर में कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का दौरा: सांसद और मुख्यमंत्री पर साधा निशाना, कहा - नेताओं को जमीनी हकीकत जानने के लिए सड़को पर उतरना चाहिए

गोरखपुर|
सांसद और मुख्यमंत्री पर साधा निशाना, कहा - नेताओं को जमीनी हकीकत जानने के लिए सड़को पर उतरना चाहिए

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने गोरखपुर दौरे के दौरान स्थानीय सांसद रवि किशन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोला है। रवि किशन द्वारा हाल ही में गोरखपुर की तुलना 'स्पेन' से किए जाने वाले बयान पर पलटवार करते हुए अजय राय ने कहा कि दोनों नेताओं को जमीनी हकीकत जानने के लिए सड़कों पर पैदल घूमना चाहिए।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "सांसद रवि किशन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गोरखपुर की सड़कों पर पैदल घूमना चाहिए। तब उन्हें शहर की जमीनी हकीकत दिखाई देगी और खुद ही जवाब मिल जाएगा कि गोरखपुर स्पेन है या ब्राजील।" उन्होंने आरोप लगाया कि रवि किशन को आम जनता की परेशानियां और बुनियादी दिक्कतें दिखाई नहीं देती हैं। विकास के बड़े-बड़े दावों के बावजूद आज भी पूरा शहर जलभराव जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए यह भी कहा कि उनके आने की खबर मिलते ही प्रशासन ने आनन-फानन में नाली की सफाई करवाई है।

भ्रष्टाचार और हादसों के मुद्दों पर घेरा

उन्होंने राजघाट के गुंबद हादसे में दो वकीलों की मौत का मामला उठाते हुए सरकार से जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि श्मशान घाट के निर्माण कार्य में भारी भ्रष्टाचार हुआ है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। अजय राय ने कहा कि जब मुख्यमंत्री अपने गृह जनपद और क्षेत्र की समस्याओं का समाधान नहीं कर पा रहे हैं, तो इससे पूरे प्रदेश की बदहाल स्थिति का आसानी से अंदाजा लगाया जा सकता है। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी अभिषेक दत्त भी मौजूद रहे।

विपक्ष ने रवि किशन को घेरा

दरअसल, कुछ समय पहले शहर में एक कार्यक्रम के दौरान सांसद रवि किशन ने भोजपुरी में बात करते हुए गोरखपुर के विकास की तुलना स्पेन से कर दी थी। उन्होंने कहा था, "हमके लागत बा स्पेन, हमके लागत बा ई अद्भुत जगह। हमके स्मार्ट सिटी लागत बा।" इसके साथ ही उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा था कि जिन्हें विकास नहीं दिखता, वे आंख के अंधे हैं। रवि किशन के इसी बयान को लेकर अब कांग्रेस ने उन्हें घेरा हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।