पत्नी से विवाद के बाद ठेकेदार ने उठाया आत्मघाती कदम: गोरखपुर में लाइसेंसी पिस्टल से खुद को मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस

गोरखपुर|
गोरखपुर में लाइसेंसी पिस्टल से खुद को मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस
सेव सूची

रामगढ़ताल क्षेत्र में शनिवार देर रात घरेलू विवाद के बाद एक ठेकेदार ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली लगने से उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान फुलवरिया निवासी अजीत सिंह (47 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पत्नी से पिछले कई दिनों से उसका विवाद चल रहा था। इसी के बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।

पत्नी से विवाद के बाद खुद को मारी गोली

घटना शनिवार रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, पत्नी से विवाद के बाद अजीत सिंह अपने कमरे में चले गए। कुछ देर बाद कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो वह खून से लथपथ हालत में पड़े थे। परिजनों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी।

सूचना मिलते ही रामगढ़ताल थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने क्या कहा?

सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी ने बताया कि ठेकेदार ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारी है। पति-पत्नी के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह और विवाद से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।