डीडीयू में ‘भारतीय ज्ञान परंपरा और मीडिया’ पर व्याख्यान: पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों और सामाजिक सरोकारों पर हुई चर्चा, जानें किस उद्देश्य से हुई मीडिया की शुरूआत

वर्तमान सूचना क्रांति के दौर में मीडिया की जिम्मेदारी केवल खबरें पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को सही दिशा देना भी उसका दायित्व है। भारतीय ज्ञान परंपरा के मूल्यों से जुड़कर ही मीडिया अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन कर सकता है। यह बातें शुक्रवार को दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में लखनऊ विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष डॉ. सौरभ मालवीय ने कहीं।
विश्वविद्यालय के हिन्दी एवं आधुनिक भारतीय भाषा तथा पत्रकारिता विभाग की ओर से ‘भारतीय ज्ञान परंपरा और मीडिया’ विषय पर आयोजित व्याख्यान में मुख्य वक्ता डॉ. मालवीय ने कहा कि मीडिया की शुरुआत लोगों को उनके हक और अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हुई थी। भारतीय ज्ञान परंपरा हमें जीवन जीने का सही दृष्टिकोण सिखाती है। सत्य, परोपकार, धर्म, उदारता और आनंद भारतीय चिंतन के प्रमुख मूल्य हैं। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता, चाणक्य के विचारों और गुरु-शिष्य परंपरा के उदाहरणों से भारतीय ज्ञान परंपरा की विशेषताओं को समझाया।
सूचना क्रांति के साथ नवचेतना का भी दौर है वर्तमान समय
पत्रकारिता के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में संवेदना का विशेष महत्व है। पत्रकारों को प्रतिभा, परिश्रम और प्रस्तुतीकरण के साथ कार्य, नेटवर्क और भाग्य का समन्वय बनाकर काम करना चाहिए। वर्तमान समय सूचना क्रांति के साथ नवचेतना का भी दौर है, ऐसे में मीडिया की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कला संकाय के अधिष्ठाता प्रो. राजवंत राव ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा और वर्तमान मीडिया के बीच विरोधाभास दिखाई देता है। आज मीडिया में सनसनी और तात्कालिकता को अधिक महत्व दिया जा रहा है, जबकि भारतीय ज्ञान परंपरा निरंतरता और समायोजन का संदेश देती है। उन्होंने महात्मा गांधी की पत्रकारिता का उदाहरण देते हुए कहा कि उसमें भारतीय ज्ञान परंपरा के मूल्यों की स्पष्ट झलक मिलती है। साथ ही टी.एस. इलियट के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि सूचनाओं की अधिकता कई बार ज्ञान को प्रभावित करती है।
पीढ़ियों को प्रेरित करने वाली प्रक्रिया है भारतीय ज्ञान परंपरा
हिन्दी विभागाध्यक्ष प्रो. विमलेश मिश्र ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि निरंतर आगे बढ़ने और नई पीढ़ियों को प्रेरित करने वाली प्रक्रिया है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. रजनीश कुमार चतुर्वेदी और आभार ज्ञापन पत्रकारिता पाठ्यक्रम के समन्वयक प्रो. राजेश कुमार मल्ल ने किया। इस अवसर पर प्रो. प्रत्यूष दुबे, डॉ. नरेंद्र कुमार, डॉ. रामनरेश राम, डॉ. अभिषेक शुक्ल, डॉ. अखिल मिश्र, डॉ. अन्वेषण सिंह, अभय शुक्ल सहित शिक्षक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
खबर को संक्षिप्त कर दीजिए
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।