चौथी बार एमएलसी बने ध्रुव कुमार त्रिपाठी: निर्दलीय उम्मीदवार राजीव यादव को 307 वोटों से हराया, भाजपा को पांच और सपा को मिली तीन सीटें
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने जीत हासिल की है। उन्होंने एक बेहद कड़े और रोमांचक मुकाबले में अपने निकटतम प्रतिद्वंदी व निर्दलीय उम्मीदवार राजीव यादव को पराजित किया। 11 में से आठ सीटों के नतीजे आ चुके हैं। अभी तक बीजेपी ने पांच और सपा ने तीन सीटें जीती हैं। तीन सीटों पर काउंटिंग जारी है। इसमें भाजपा एक और सपा दो सीटों पर आगे हैं।
भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी को कुल 14,887 वोट मिले। निर्दलीय उम्मीदवार राजीव यादव 14,580 वोट मिले। भाजपा के ध्रुव त्रिपाठी ने 307 वोटों से यह चुनाव जीता हैं। जीत की आधिकारिक घोषणा होने के बाद ध्रुव त्रिपाठी हाथ से विक्ट्री का निशान बनाते हुए मतगणना स्थल से बाहर आए।
विपक्षी उम्मीदवारों ने लगाए धांधली के आरोप
चुनाव के अंतिम दौर की काउंटिंग में बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जिसके बाद विपक्षी उम्मीदवारों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव ने प्रशासन और व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें जानबूझकर हराया गया है और "1000 वोटों की चोरी हुई है"। राजीव यादव ने कहा कि वह इस धांधली के खिलाफ निर्वाचन आयोग और कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। उन्होंने चौथे राउंड के 1,612 मतों की फॉरेंसिक जांच कराने की मांग भी की है।
अंतिम राउंड की काउंटिंग पर उठाए सवाल
समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार डॉ. संजयन त्रिपाठी और निर्दलीय राजीव यादव दोनों ने ही अंतिम राउंड की काउंटिंग पर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि लगभग 42,000 वोटों की गिनती तक जो सामान्य ट्रेंड चल रहा था, वह अंतिम 1500-1600 मतों की गिनती में अचानक बदल गया और 80 फीसदी से ज्यादा वोट एकतरफा भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में निकलने लगे। इन गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए मतगणना स्थल पर हंगामा हुआ और विपक्षी दलों ने कुछ समय के लिए काउंटिंग का विरोध किया। हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों ने निष्पक्ष तरीके से ही मतगणना पूरी कराने की बात कही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

