गोरखपुर में सुसाइड से पहले बुजुर्ग ने बनाया वीडियो: मकान मालिक दंपती पर प्रताड़ना का लगाया आरोप, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

कोतवाली क्षेत्र में 63 वर्षीय बुजुर्ग की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। परिजनों को सोमवार को उनके मोबाइल में करीब डेढ़ मिनट का वीडियो मिला। इसमें बुजुर्ग ने मकान मालिक और उनकी पत्नी पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने तथा झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाया है। उन्होंने अपनी मौत के लिए दोनों को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बक्शीपुर निवासी शादाब खान के मुताबिक, उनके 63 वर्षीय चाचा नजीर अहमद खान उर्फ पप्पू ने रविवार दोपहर करीब तीन बजे अपनी दुकान में जहरीला पदार्थ खा लिया था। जानकारी मिलने पर परिजन तत्काल दुकान पहुंचे। वहां नजीर अचेत अवस्था में मिले। परिजन उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले गए, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
मोबाइल में मिला वीडियो
परिजनों ने बताया कि सोमवार को नजीर के मोबाइल में वीडियो मिला। इसके बाद कोतवाली थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई। वीडियो में नजीर ने मकान मालिक अनूप कुमार जायसवाल, पुत्र हिरालाल उर्फ मन्ना लाल जायसवाल, निवासी बक्शीपुर और उनकी पत्नी पर परेशान करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि दोनों आए दिन किसी न किसी बात को लेकर प्रताड़ित करते थे।
पहले भी लगाया था छेड़खानी का आरोप
नजीर ने वीडियो में बताया कि कुछ समय पहले अनूप ने उनकी पत्नी के साथ छेड़खानी करने का आरोप लगाया था। इस मामले में उन्होंने कोतवाली थाने में सबूत पेश कर खुद को बचाने की बात कही। नजीर के मुताबिक, इसके बाद फिर कोई मुकदमा दर्ज कराया गया, जिसकी जानकारी उन्हें नहीं थी। पुलिस जांच कर रिपोर्ट लगाकर चली गई थी। उन्होंने दुकान में बिना नोटिस परेशान करने, पानी की पाइप तोड़ने और दुकान में लोगों के खड़े होने तक की जगह नहीं बचने का भी आरोप लगाया।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
शादाब खान ने बताया कि नजीर ने शादी नहीं की थी और उनकी कोई संतान भी नहीं थी। कोतवाली थाना प्रभारी के मुताबिक, शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

