गोरखपुर में चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे उप निर्वाचन आयुक्त: पांच मंडलों 17 जिलों के अधिकारी होंगे शामिल, चुनावी तैयारियों का लेंगे जायजा

गोरखपुर|
पांच मंडलों 17 जिलों के अधिकारी होंगे शामिल, चुनावी तैयारियों का लेंगे जायजा
सेव सूची

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर भारत निर्वाचन आयोग सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग आज गुरुवारऔर कल शुक्रवार को गोरखपुर में प्रदेश के पांच मंडलों के 17 जिलों की चुनावी तैयारियों की गहन समीक्षा करेंगे। इस दो दिवसीय उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा भी मौजूद रहेंगे।

रिपोर्ट के अनुसार, इन दो दिनों में अलग-अलग मंडलों के जिलों की तैयारियों का जायजा लिया जाएगा। आज तीन मंडलों गोरखपुर, वाराणसी और बस्ती के कुल 11 जिलों की समीक्षा हो रही है। इनमें गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, वाराणसी, जौनपुर, चंदौली, गाजीपुर, बस्ती, संतकबीर नगर और सिद्धार्थनगर शामिल हैं। शुक्रवार को दो मंडलों आजमगढ़ और विंध्याचल के शेष छह जिलों की समीक्षा की जाएगी। इनमें आजमगढ़, मऊ, बलिया, मिर्जापुर, भदोही और सोनभद्र शामिल हैं।

बैठक का मुख्य उद्देश्य

प्रशासनिक जानकारी के मुताबिक, बैठक में संबंधित मंडलों के आयुक्त, पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान सभी जिलों के अधिकारी पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपने-अपने क्षेत्रों में चुनाव की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और आगामी कार्ययोजना का ब्योरा आयोग के समक्ष रखेंगे।

निर्वाचन आयोग की टीम इन प्रस्तुतियों के आधार पर तैयारियों की प्रगति का मूल्यांकन करेगी और विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेगी।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।