गोरखपुर में एक भी पात्र मतदाता का नाम न छूटे: 17 और 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष शिविर, मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने दिए निर्देश

मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक जनवरी 2027 को 18 साल की उम्र पूरी करने वाले एक भी पात्र युवा का नाम छूटना नहीं चाहिए। इसके लिए 17 और 24 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगेंगे।
अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में पात्र नागरिकों का नाम शामिल कराना निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। विशेष रूप से एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का नाम दर्ज कराने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी पात्र नए मतदाता का नाम सूची में शामिल होने से छूटने न पाए।
बूथ लेवल अधिकारी रहेंगे मौजूद
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में गोरखपुर से जिलाधिकारी दीपक मीणा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा सहित सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ शामिल हुए।मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 17 और 24 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष पुनरीक्षण शिविर लगाए जाएंगे। इनमें बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे। जिन लोगों के नाम किसी कारण से मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाए हैं, वे इन शिविरों में पहुंचकर नाम शामिल करा सकेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विशेष शिविरों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जाए, जिससे अधिक से अधिक पात्र लोग लाभ उठा सकें।
लोगों को न उठानी पड़े परेशानी
मतदान केंद्रों पर आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो और उनके आवेदन नियमानुसार स्वीकार किए जाएं।नवदीप रिणवा ने कहा कि केवल शिविर आयोजित करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सभी मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं उपलब्ध रहें और बीएलओ अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें। इसके लिए ईआरओ और रिटर्निंग अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।बैठक में ईआरओ पवन कुमार जायसवाल, सुदीप तिवारी, आलोक सिंह, मनीष कुमार, नमन मेहता, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल, ज्ञान प्रताप सिंह, रवि कुमार सिंह और ध्रुवेश सिंह शामिल रहे।
डीएम ने अभियान को सफल बनाने के दिए निर्देश
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले प्रत्येक पात्र युवा का नाम मतदाता सूची में हर हाल में शामिल कराया जाए। साथ ही पहले छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम भी जोड़े जाएं। डीएम ने कहा कि इस कार्य में किसी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए और सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पात्र नागरिकों तक पहुंच बनाकर उन्हें मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया जाए। डीएम ने निर्देश दिया कि 17 और 24 अक्टूबर को आयोजित विशेष शिविरों के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए। बीएलओ अपने केंद्रों पर मौजूद रहकर नए मतदाताओं के आवेदन भरवाने और जानकारी देने में सहयोग करेंगे। जिन पात्र नागरिकों के नाम पहले किसी कारण से सूची में दर्ज नहीं हो पाए हैं, उनके आवेदन भी प्राप्त कर कार्रवाई की जाए।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

