गोरखपुर में मासूम छात्र से मारपीट का मामला: टीचर और प्रिंसिपल पर एफआईआर दर्ज, स्कूल के नाम से डर रहा बच्चा

शाहपुर क्षेत्र के यूरो किड्स प्लेवे स्कूल में तीन साल के बच्चे के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने टीचर और प्रिंसिपल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस कार्रवाई से पहले पुलिस ने स्कूल पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज की जांच की। परिजनों का आरोप है कि 13 अक्टूबर को टीचर ने बच्चे को थप्पड़ मारा और उसके सिर को नाखूनों से नोचा था। घटना के बाद से बच्चा इतना डरा हुआ है कि स्कूल का नाम सुनते ही रोने और चीखने लगता है।
एचएन सिंह चौराहे के पास गोविंद नगरी निवासी अतुल सिंह ने बताया कि उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा शहर के एक स्कूल में कक्षा तीन में पढ़ता है, जबकि छोटे बेटे गौरांश की उम्र तीन साल है। जुलाई में उन्होंने गौरांश का पास के प्लेवे स्कूल में दाखिला कराया था। अतुल के मुताबिक, 13 अक्टूबर को स्कूल से वीडियो कॉल आया। उस समय उनका बेटा कांपते हुए रो रहा था। टीचर ने बताया कि बच्चा खाना नहीं खा रहा है। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान उसके मुंह में जबरन रोटी ठूंस दी गई।
सिर पर मिले नाखूनों से नोचने के निशान
वीडियो कॉल के बाद परिजन स्कूल पहुंचे और बच्चे को घर ले आए। मां सालवी सिंह ने बताया कि घर आने के बाद बेटे ने टीचर नैन्सी की ओर से पिटाई किए जाने की बात बताई। उसके सिर पर नाखूनों से नोचने के निशान भी मिले। मां के मुताबिक, अब बच्चा स्कूल जाने की बात सुनते ही चीखने लगता है और काफी डरा हुआ रहता है। परिजनों का कहना है कि जुलाई में दाखिले के बाद से ही बच्चे को मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था, जिसका असर उसकी सेहत पर भी पड़ा है।
सीसीटीवी फुटेज में मारपीट का दावा
अतुल सिंह ने बताया कि अगले दिन वह स्कूल पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज देखा। उनके दावे के मुताबिक, फुटेज में टीचर बच्चे को थप्पड़ मारती और उसके सिर को नाखूनों से नोचती दिखाई दीं। इसके बाद परिजनों ने प्रिंसिपल से मिलकर एक महीने का सीसीटीवी फुटेज मांगा। आरोप है कि इस मांग पर प्रिंसिपल नाराज हो गए और फुटेज देने से इनकार कर दिया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि टीचर दूसरे बच्चों के साथ भी मारपीट करती हैं।
पुलिस ने दर्ज किया केस
पिता ने पुलिस से स्कूल का सीसीटीवी फुटेज जल्द कब्जे में लेने की मांग की। उन्हें आशंका है कि देरी होने पर साक्ष्य मिटाए जा सकते हैं। उनका कहना है कि मामला सिर्फ उनके बेटे की सुरक्षा तक सीमित नहीं बल्कि स्कूल में पढ़ने वाले सभी बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा है। शाहपुर थाना प्रभारी अंजय सिंह ने बताया कि स्कूल के सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद टीचर और प्रिंसिपल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की गहन जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

