गोरखपुर में भाजपा का महा-शक्ति प्रदर्शन: नितिन नवीन और सीएम योगी की अगुवाई में निकलेगी भव्य पदयात्रा, 50 हजार से अधिक की भीड़ जुटने की उम्मीद
आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में आज भारतीय जनता पार्टी एक बड़ा सियासी शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार गोरखपुर आ रहे नितिन नवीन दो दिवसीय दौरे पर यहां पहुंच चुके हैं। वे आज पार्टी के 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' अभियान के तहत आयोजित विशाल जन-आक्रोश पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। इस ऐतिहासिक पदयात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मुख्य रूप से शामिल होंगे।
तय कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सुबह 11 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे सीधे सर्किट हाउस जायेंगे, जहां से वे महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज मैदान पहुंचेंगे। यहां एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया है, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस सभा में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व यूपी प्रभारी विनोद तावड़े, निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद और सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर समेत एनडीए के कई बड़े नेता शामिल हो रहे हैं।
18 स्थानों पर भव्य स्वागत
जनसभा के समापन के बाद दोपहर करीब 12 बजे महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से भव्य पदयात्रा की शुरुआत होगी। करीब 1.5 से 2 किलोमीटर लंबी यह यात्रा कचहरी चौराहा, गोलघर और गणेश चौक से होते हुए काली मंदिर के पास पहुंचेगी। यहाँ गोलघर में स्थित लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ पदयात्रा का समापन होगा। संगठन ने एयरपोर्ट से लेकर पदयात्रा मार्ग तक कुल 24 स्वागत स्थल बनाए हैं, जहां कार्यकर्ताओं द्वारा अभूतपूर्व स्वागत की तैयारी की गई है। इस रैली में पूरे गोरखपुर क्षेत्र से 50 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं और आम जनता के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है।
दो दिवसीय दौरे में बैठकों का दौर
पदयात्रा संपन्न होने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दौरों और सांगठिनक बैठकों का सिलसिला शुरू होगा। दोपहर 3:30 बजे वे तारामंडल स्थित एनेक्सी भवन में प्रबुद्ध वर्ग के लोगों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे सांसदों, विधायकों और एमएलसी के साथ एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें 2027 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर रणनीति तैयार की जाएगी। दौरे के दूसरे दिन यानी गुरुवार सुबह नितिन नवीन बाबा गोरखनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और फिर पार्टी के पूर्व पदाधिकारियों व युवाओं के साथ बैठक कर दिल्ली रवाना होंगे।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

