गोरखपुर में रवि किशन से फोन पर भिड़े भाजपा पार्षद: भाजपा प्रदेश प्रभारी ने दिल्ली बुलाया, अखिलेश यादव ने दिया सपा का ऑफर

शहर में भारी बारिश के बाद जलभराव की समस्या को लेकर भाजपा सांसद रविकिशन शुक्ला और पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी के बीच हुई फोन पर बातचीत अब पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच गई है। बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भाजपा के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने पार्षद से फोन पर बात की। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी लेने के बाद विश्वजीत त्रिपाठी को दिल्ली बुलाया है। पार्षद ने भी इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि वार्ड की स्थिति सामान्य होने के बाद वह दिल्ली जाएंगे।
शनिवार शाम हुई भारी बारिश के बाद गोरखपुर के कई इलाकों में जलभराव हो गया था। इसी दौरान तारामंडल क्षेत्र के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने सांसद रविकिशन को फोन कर तरकुलानी रेगुलेटर और पॉम पैराडाइज के पास स्थित रेगुलेटर खुलवाने की बात कही। बातचीत के दौरान सांसद ने उनसे सपा में शामिल होने को लेकर सवाल किया। जवाब में पार्षद ने भी सांसद से बसपा में शामिल होने को लेकर सवाल कर दिया। बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इस पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
भाजपा नेतृत्व ने दोनों पक्षों से मांगी जानकारी
वायरल बातचीत के बाद मामले को भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने संज्ञान में लिया। भाजपा सूत्रों के अनुसार दोनों पक्षों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली गई है। जलभराव वाले इलाकों के निरीक्षण के दौरान सांसद रविकिशन ने भी कहा था कि यह राजनीति करने का समय नहीं, बल्कि लोगों की परेशानी दूर करने का समय है। पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने बताया कि विनोद तावड़े ने उनसे फोन पर पूरे घटनाक्रम के बारे में पूछा। उन्होंने अपनी ओर से बातचीत का पूरा विवरण बताया है और अब उन्हें दिल्ली बुलाया गया है। पार्षद के मुताबिक, वार्ड की स्थिति सामान्य होने के बाद वह दिल्ली जाकर मुलाकात करेंगे।
अखिलेश यादव ने कहा- वह सपा का मेंबर बनेगा
इधर, विवाद की राजनीतिक चर्चा समाजवादी पार्टी तक भी पहुंच गई। रविवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें गोरखपुर में सांसद और भाजपा पार्षद के बीच हुई बातचीत की जानकारी दी गई। इसके बाद अखिलेश यादव ने कहा कि विश्वजीत त्रिपाठी सपा में शामिल हो जाएगा, वह पार्टी का मेंबर बनेगा और प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। उनके इस बयान को पार्षद को सपा में आने के संकेत के तौर पर देखा गया। हालांकि विश्वजीत त्रिपाठी ने स्पष्ट किया है कि वह अभी भाजपा में ही हैं।










