गोरखपुर में कुत्ते के काटने से गाय की मौत: चरणामृत पीने वालों की उड़ी नींद, 400 लोगों को लगाया गया एंटी रैबीज इंजेक्शन

गोरखपुर|
चरणामृत पीने वालों की उड़ी नींद, 400 लोगों को लगाया गया एंटी रैबीज इंजेक्शन

गोरखपुर जनपद के गोला ब्लॉक के डांड़ी खास गांव में पागल कुत्ते ने एक गाय को काट लिया, जिससे गाय की मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलने पर लोगों की नींद उड़ गई। क्योंकि दुर्गा पूजा के दौरान उसी गाय के दूध से चरणामृत बनाकर लोगों में वितरित किया गया था। बुधवार को एहतियातन शिविर लगाकर करीब 400 लोगों को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाया गया।

डांड़ी खास गांव निवासी पशुपालक नवमी यादव के अनुसार, वे दो दुकान और कुछ घरों में नियमित गाय का दूध देते हैं। गाय एक दो दिन से बीमार लग रही थी मंगलवार को जब ज्यादा बीमार दिखी तो उन्होंने प्राइवेट पशु चिकित्सक डॉ. बेचन सिंह, डॉ. हरदेव यादव और डाड़ी खास पशु चिकित्सालय के डॉक्टर को दिखाए। सभी ने कहा कि गाय को कुत्ता काटा है। मंगलवार को कुछ देर बाद गाय भूकने लगी और देर शाम मर गई। बताया जा रहा है कि गांव में ही दुर्गा पूजा के दौरान उसी गाय के दूध से चरणामृत बनाया गया था। दुर्गा पूजा में चरणामृत पीने वाले डांड़ी एवं गोविंदपुर के भयभीत ग्रामीणों में डांड़ी गांव में शिविर लगाकर एहतियातन एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाया गया।

इंजेक्शन लगवाने के लिए सीएचसी पर लगी थी लोगों की भीड़

बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से गांव पहुंची टीम ने चरणामृत पीने वाले श्रद्धालुओं को इंजेक्शन लगाया। शिविर में फार्मासिस्ट सिद्धार्थ सिंह के साथ आए अरशद, सोनू श्रीवास्तव, प्रियंका, अंकिता की टीम ने 400 श्रद्धालुओं को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाए। इसके पूर्व मंगलवार को करीब 50 लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर इंजेक्शन लगवाया था। गांव के प्रधान प्रतिनिधि राजू यादव, पूर्व प्रधान सुरेश यादव, मंजीत मौर्य हड़हाभार और पवन सिंह ने भी इंजेक्शन लगवाए।

पांच इंजेक्शन लगवाना जरूरी

सीएचसी प्रभारी डॉ. अमरेंद्र ठाकुर ने बताया कि 24 घंटे के भीतर पहला। उसके बाद तीसरे, सातवें, 14वें, 28वें दिन इंजेक्शन और बुस्टर डोज लगाना पड़ेगा। उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाकर इसके लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर जरूरी इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने सलाह दिया कि कभी भी दूध का इस्तेमाल करें तो उसे अच्छे ढंग से खौला लें। कच्चे दूध का सेवन न करें।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।