गोरखपुर में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का दौरा: 20 किलोमीटर का करेंगे लंबा रोड शो, सपा के 'पीडीए रथ' पर होंगे सवार

गोरखपुर|
सेव सूची

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार,18 नवंबर को गोरखपुर दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे गोरखपुर एयरपोर्ट से चौरीचौरा क्षेत्र के देवकही गांव तक लगभग 20 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। सपा के 'पीडीए रथ' पर सवार होकर होने वाले इस रोड शो को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव से पहले पूर्वांचल में पार्टी के बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अखिलेश यादव सुबह 11:00 बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से निजी विमान द्वारा रवाना होकर सुबह 11:45 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। दोपहर 12:00 बजे एयरपोर्ट से पीडीए रथ पर सवार होकर उनका काफिला देवकही गांव के लिए प्रस्थान करेगा। पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरे 20 किलोमीटर के रूट पर हर 200 मीटर की दूरी पर उनके भव्य स्वागत की तैयारी की है।

प्रतिमा अनावरण और श्रद्धांजलि सभा

दोपहर करीब 2:00 बजे देवकही गांव पहुंचने के बाद अखिलेश यादव महान क्रांतिकारी और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके पश्चात वे गोरखपुर विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री स्वर्गीय विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू की दसवीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन बिन्नू सिंह के छोटे भाई अजय कुमार सिंह द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम के समापन के बाद दोपहर करीब 3:30 बजे वे सड़क मार्ग से वापस गोरखपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। अखिलेश यादव के इस दौरे को लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।