गोरखपुर में ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत: बंद रेलवे फाटक पार करते समय हुआ हादसा, साइकिल से जा रहे थे बहरामपुर

गोरखपुर के एम्स थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से 54 वर्षीय रामजीत दत्त पांडेय की मौत हो गई। हादसा कुसम्ही रेलवे स्टेशन के गेट नंबर 154सी के पास हुआ। जंगल चवरी के पांडेय टोला, खोराबार निवासी रामजीत साइकिल से बहरामपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बंद रेलवे फाटक के बावजूद ट्रैक पार करते समय वह ट्रेन से टकरा गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंची जीआरपी घायल रामजीत को इलाज के लिए एम्स ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में शोक छा गया। रामजीत चार बच्चों के पिता थे।
जमीनी विवाद से थे परेशान
परिजनों के मुताबिक, रामजीत पिछले कुछ दिनों से पारिवारिक जमीनी विवाद को लेकर परेशान चल रहे थे। हालांकि, हादसे की परिस्थितियों और विवाद के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है। एम्स पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

