गोरखपुर से मुबई के लिए चलेगी 'त्योहार स्पेशल ट्रेन': दोनों दिशाओं से लगाएगी दो-दो फेरे, नौ और 16 नवंबर को होगी रवाना

त्योहारों के मौसम में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने गोरखपुर से मुंबई के बीच 'त्योहार स्पेशल ट्रेन' चलाने का बड़ा फैसला लिया है। रेलवे प्रशासन द्वारा ट्रेन नंबर 05091/05092 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर त्योहार स्पेशल ट्रेन को दोनों दिशाओं में दो-दो फेरों के लिए संचालित किया जाएगा। यह ट्रेन गोरखपुर से चलकर उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों जैसे बस्ती, गोंडा, लखनऊ और कानपुर होते हुए मुंबई के बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी।
यह स्पेशल ट्रेन गोरखपुर से 9 और 16 नवंबर को रवाना होगी। निर्धारित तिथियों पर यह ट्रेन रात 09:55 बजे गोरखपुर से प्रस्थान करेगी और अगले दिन दोपहर 12:00 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। गोरखपुर से चलकर यह ट्रेन बस्ती, गोंडा, लखनऊ और कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। इसके बाद टूंडला, ईदगाह आगरा, गंगापुर सिटी, कोटा, भवानी मंडी, रतलाम, वडोदरा, सूरत, वापी और बोरीवली स्टेशनों पर रुकते हुए बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी।
बांद्रा टर्मिनस से गोरखपुर वापसी
मुंबई से वापसी के लिए यह ट्रेन 11 और 18 नवंबर को चलाई जाएगी। बांद्रा टर्मिनस से यह ट्रेन दोपहर 01:45 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 11:55 बजे गोरखपुर जंक्शन पहुंचेगी। यह ट्रेन बोरीवली, सूरत, वडोदरा, रतलाम, कोटा, आगरा, टूंडला और कानपुर सेंट्रल होते हुए लखनऊ पहुंचेगी। लखनऊ के ऐशबाग और बादशाह नगर स्टेशनों पर ठहराव के बाद गोंडा और बस्ती होते हुए गोरखपुर पहुंचेगी।
ट्रेन की कोच संरचना
इस विशेष ट्रेन में यात्रियों की सहूलियत के लिए कुल 21 कोच लगाए जाएंगे, जिसमें, आठ स्लीपर कोच, 11 सामान्य कोच और दो एलएसएलआरडी कोच रहेंगे। इस त्योहार विशेष ट्रेन के शुरू होने से दीपावली और छठ पूजा के बाद मुंबई लौटने वाले और वहां से आने वाले पूर्वांचल के यात्रियों को कंफर्म टिकट और आरामदायक सफर की बड़ी राहत मिलेगी। यात्री अपनी सुविधा के अनुसार IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट या रेलवे काउंटर के माध्यम से टिकट बुक कर सकते हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

