गोरखनाथ शोभायात्रा के लिए रूट डायवर्जन: 9 रास्तों पर बदला रहेगा यातायात, 20 अक्टूबर दोपहर 3 बजे तक लागू रहेगी नई व्यवस्था

शहर में 20 अक्टूबर को गोरखनाथ मंदिर से निकलने वाली शोभायात्रा को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। आयोजन के दौरान भीड़ और वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रखने के लिए दोपहर तीन बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक नौ प्रमुख स्थानों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। धर्मशाला चौराहा, जेपी अस्पताल, इंडस्ट्रियल एरिया मोड़, लेबर तिराहा, सूरजकुंड, गोरखनाथ थाने के पीछे तिराहा, मंदिर गेट नंबर-दो, दशहरी बाग और अधियारीबाग तिराहे से मंदिर या रामलीला मैदान की ओर जाने वाले वाहन निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से गुजरेंगे।
धर्मशाला चौराहे से श्री गोरखनाथ मंदिर की ओर वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। यहां से आने वाले वाहन धर्मशाला चौकी से गंगेज, दुर्गाबाड़ी, सूरजकुंड, ग्रीन सिटी और कौड़ियहवा मोड़ होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। इसी तरह जेपी अस्पताल से मंदिर की ओर जाने वाले वाहनों को जेपी अस्पताल की गली से दुर्गाबाड़ी होकर निकलना होगा।
इंडस्ट्रियल एरिया और लेबर तिराहे पर रोक
इंडस्ट्रियल एरिया मोड़ से मंदिर की तरफ वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। यहां से वाहन रामनगर तिराहा और नकहा ओवरब्रिज होते हुए आगे जाएंगे। लेबर तिराहे से मंदिर की ओर जाने वाले वाहनों को सूरजकुंड के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचना होगा।
सूरजकुंड और मंदिर के आसपास भी प्रतिबंध
सूरजकुंड से अधियारीबाग स्थित रामलीला मैदान की ओर शोभायात्रा समाप्त होने तक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। यहां से वाहन सुभाष चंद्र बोस नगर और ग्रीन सिटी मोड़ होकर जाएंगे। गोरखनाथ थाने के पीछे तिराहे से मंदिर की ओर जाने वाले वाहनों पर भी रोक रहेगी। मंदिर के गेट नंबर-दो से गोरखनाथ थाने की तरफ जाने वाले वाहन जाहिदाबाद तिराहे से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
दशहरी बाग और अधियारीबाग के लिए वैकल्पिक मार्ग
दशहरी बाग तिराहे से मंदिर की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। इन वाहनों को कौड़ियहवा मोड़ से इंडस्ट्रियल मोड़ की ओर भेजा जाएगा। वहीं, अधियारीबाग तिराहे से रामलीला मैदान की तरफ जाने वाले वाहनों को रसूलपुर, दशहरी बाग तिराहा और कौड़ियहवा होकर निकलना होगा। वाहन चालकों को आयोजन के दौरान निर्धारित मार्गों का पालन करना होगा।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

