गोरखपुर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बड़ी सौगात: 171.13 करोड़ की 39 परियोजनाओं का होगा लोकार्पण, प्रदेश के पहले वानिकी विश्वविद्यालय का भी रखेंगे शिलापट्ट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को कैम्पियरगंज में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे, साथ ही 792 करोड़ रुपये से अधिक की कुल 55 विकास परियोजनाओं की भी सौगात देंगे। वह 491 करोड़ की फॉरेस्ट्री यूनिवर्सिटी सहित 621.05 करोड़ की 16 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही उनके हाथों 171.13 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण भी होगा।
कैम्पियरगंज के भारीवैसी में आयोजित होने वाले शिलान्यास व लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री जिन परियोजनाओं का उपहार देंगे उनमें सबसे अहम मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट ‘वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय’ हैं। यह प्रदेश का पहला वानिकी विश्वविद्यालय होगा। 50 हेक्टेयर क्षेत्र में बनने वाले इस विश्वविद्यालय के निर्माण पर 491 करोड़ रुपये से अधिक लागत आएगी। इस विश्वविद्यालय में वानिकी एवं औद्यानिकी, वन्य जीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, एग्रोफॉरेस्ट्री, फल एवं बागवानी सहित कई आधुनिक विषयों में बीएससी, एमएससी और पीएचडी के साथ ही डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय से डिग्री प्राप्त विद्यार्थियों के लिए उत्तर प्रदेश राज्य वन सेवा तथा क्षेत्रीय वन अधिकारी के पदों पर क्षैतिज आरक्षण प्रदान किया जाना भी प्रस्तावित है।
15 अन्य परियोजनाओं का भी शिलान्यास
गुरुवार को होने वाले कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ग्रामीण रोड कनेक्टिविटी, बाढ़ बचाव और कस्तूरबा बालिका विद्यालय की सुरक्षा से जुड़ी, करीब 130 करोड़ की 15 अन्य परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे। इनमें 54.52 करोड़ रुपये की लागत वाली, रोहिन नदी के दाएं तट पर स्थित मछलीगांव अलगटपुर तटबंध के किमी 18.20 के कलान नाले पर कल्यानपुर के पास पम्पिंग स्टेशन के निर्माण कार्य की परियोजना और 57.19 करोड़ रुपये की रोहिन नदी के दाएं तट पर स्थित मानीराम डोमिनगढ़ तटबंध के किमी 10 पर ग्राम सिउरिया के पास पम्पिंग स्टेशन के निर्माण कार्य की परियोजना शामिल है।
ग्रामीण रोड कनेक्टिविटी और बाढ़ बचाव से संबंधित है परियोजनाएं
लोकार्पण की 39 परियोजनाओं में भी अधिकतर कार्य ग्रामीण रोड कनेक्टिविटी और बाढ़ बचाव से संबंधित हैं। इसमें 17.38 करोड़ रुपये राप्ती नदी के बाएं तट पर स्थित गाहांसाड़ कोलिया तटबंध के ग्राम उत्तरासोत के समीप किमी 7.135 से 7.9 के मध्य कटाव निरोधक कार्य की परियोजना, 8.41 करोड़ की रोहिन नदी के दाएं तट पर स्थित मानीराम डोमिनगढ़ तटबंध के किमी 9.60 से किमी 11.60 तक स्लोप पिचिंग कार्य की परियोजना और 6.56 करोड़ की राप्ती नदी के बाएं तट पर स्थित बढ़या कोठा तटबंध के ग्राम तुर्कवलिया के समीप किमी 9.08 से 9.485 के मध्य कटाव निरोधक कार्य की परियोजना प्रमुख है। इसके अलावा 34.36 करोड़ के अमृत 2.0 के तहत पीपीगंज नगर पंचायत पुनर्गठन पेयजल योजना पार्ट 1 और 26.06 करोड़ रुपये के पेयजल योजना पार्ट टू का भी लोकार्पण होगा।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।