गोरखपुर में पति संग लौट रही महिला पर हमला: चलती बाइक से धक्का देकर गिराया; मौत, दो हमलावर हुए फरार

गोरखपुर|
चलती बाइक से धक्का देकर गिराया; मौत, दो हमलावर हुए फरार

बेलीपार क्षेत्र में बाइक सवार दो अज्ञात लोगों ने एक दंपती पर हमला कर दिया। आरोप है कि बदमाशों ने पीछे से आकर बाइक पर बैठी महिला को धक्का मार दिया। इससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पति की तहरीर पर पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

बेलीपार थाना क्षेत्र के मलांव गांव निवासी संतोष पांडेय अपनी पत्नी मीरा पांडेय के साथ गोरखपुर स्थित एक मैरिज हाउस में मायके की युवती के सगाई समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब 10 बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। वे भरवल गांव के आगे पहुंचे थे, तभी रेसर बाइक पर सवार दो अज्ञात लोग पीछे से आए। आरोप है कि उन्होंने संतोष की बाइक पर पीछे बैठी मीरा को धक्का मार दिया। इससे मीरा सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।

परिवार में छाया शोक

घटना के बाद संतोष ने गांव में रहने वाले अपने चचेरे भाई को फोन कर जानकारी दी। सूचना मिलने पर चचेरे भाई घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद परिजन मीरा को जिला अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक छा गया। पुलिस ने पति की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान करने के साथ ही वारदात के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है।

तीन बेटियों की मां थीं मीरा

मीरा की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी तीन बेटियां हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है। सबसे छोटी बेटी श्वेता गुरुग्राम में रहती हैं। मां की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजन उनके घर पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग सदमे में हैं।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि पति की तहरीर के आधार पर दो अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात की वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।