गोरखपुर में खून की तस्करी का भंडाफोड़: 100 यूनिट ब्लड बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर में अवैध रूप से खून की खरीद-फरोख्त का धंधा तेजी से चल रहा है। इसी धंधे का गोरखपुर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। रामगढ़ताल पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार देर रात भगत चौराहे के पास एक कार से 100 यूनिट रेड ब्लड सेल्स (पीआरबीसी) बरामद किया। इस मामले में मुरादाबाद निवासी फहीम अहमद और ताज गुड्डू को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक बरामद खून मुरादाबाद के एसएस चैरिटेबल ब्लड बैंक से लाया जा रहा था। इसे शहर के आरोग्य ब्लड बैंक में सप्लाई किया जाना था।
पुलिस को मिली बड़ी सफलता
पुलिस के मुताबिक, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी यूपी से वाहनों में छिपाकर खून लाने और उसे ऊंचे दामों पर बेचने वाले गिरोह की सूचना गोरखपुर पुलिस को मिल रही थी। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर रामगढ़ताल चौकी प्रभारी अमित चौबे ने जांच शुरू की। मंगलवार को मुखबिर से मुरादाबाद से ब्लड की खेप शहर में पहुंचने की सूचना मिली। इस पर औषधि निरीक्षक श्रीध्वजेश्वर शुक्ला को जानकारी देकर संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने एलआईसी कार्यालय के पास घेराबंदी कर यूके नंबर की सफेद ऑल्टो कार को रोककर तलाशी ली।
तलाशी में पिछली सीट पर रखे कार्टून के पैकेट से 40 और डिक्की में रखे थर्माकोल के डिब्बे से 60 ब्लड बैग मिले। इस तरह कुल 100 यूनिट रेड ब्लड सेल्स टीम ने कार से बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मुरादाबाद के एसएस चैरिटेबल ब्लड बैंक से कम कीमत पर खून लेकर मांग के अनुसार अलग-अलग ब्लड बैंकों तक पहुंचाते थे। वहां इसे अधिक कीमत पर बेचते थे।
कोल्ड चेन का पालन नहीं, तारीखें भी गायब
जांच में सामने आया कि ब्लड के रखरखाव में निर्धारित कोल्ड चेन का पालन नहीं किया जा रहा था। कई पैकेटों पर कलेक्शन और एक्सपायरी की तिथि भी दर्ज नहीं थी। औषधि निरीक्षक ने दोनों डिब्बों से एक-एक यूनिट ब्लड का नमूना लेकर जांच के लिए सुरक्षित किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। तस्करी में इस्तेमाल ऑल्टो कार भी सीज कर दी गई है।
एसएसपी ने क्या कहा?
गोरखपुर के एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि मुरादाबाद से कार में छिपाकर लाए जा रहे 100 यूनिट रेड ब्लड सेल्स बरामद किए गए हैं। ब्लड के रखरखाव में कोल्ड चेन का पालन नहीं किया जा रहा था। कई पैकेटों पर कलेक्शन और एक्सपायरी की तिथि भी दर्ज नहीं थी। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कार सीज कर दी गई है। बरामद ब्लड के नमूने जांच के लिए सुरक्षित किए गए हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

