गोरखपुर में बच्चे की पीट-पीटकर हत्या: चचेरा भाई की भी हालत गंभीर, थाना प्रभारी पर गिरी गाज

पिपराइच क्षेत्र में नौ वर्षीय छात्र की लाठी-डंडों से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में उसका मौसेरा भाई भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले में कार्रवाई करते हुए एसएसपी ने पिपराइच थाना प्रभारी विवेक त्रिवेदी को लाइन हाजिर कर दिया है।
पिपराइच थाना क्षेत्र के माधोपुर बेला गांव निवासी राजू सिंह के घर उनके साढ़ू का नौ वर्षीय बेटा सरस सिंह भी रहता था। मां के निधन के बाद वह अपनी मौसी के घर रहकर एमडी पब्लिक स्कूल में चौथी कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। शनिवार रात करीब सवा आठ बजे भोजन करने के बाद सरस अपने 15 वर्षीय मौसेरे भाई शिवकुमार के साथ मौसा की पान की दुकान की ओर जा रहा था। घर से करीब 500 मीटर दूर पहुंचते ही पहले से घात लगाए बैठे आठ-नौ युवकों ने दोनों को घेर लिया और लाठी-डंडों तथा ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में सरस के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा, जबकि शिवकुमार भी घायल हो गया।
परिजनों पर भी हुआ हमला
घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को लेकर थाने की ओर जाने लगे। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने दोबारा लाठी-डंडों से हमला कर दिया। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
इलाज के दौरान बच्चे की मौत
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान रविवार सुबह सरस सिंह की मौत हो गई। वहीं, शिवकुमार की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
मौसा राजू सिंह का आरोप है कि यदि पहले से चल रहे विवाद में पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो यह घटना टाली जा सकती थी। मामले को गंभीर मानते हुए एसएसपी ने पिपराइच थाना प्रभारी विवेक त्रिवेदी को लाइन हाजिर कर दिया है। उनकी जगह झंगहा थाना प्रभारी रहे अनुप सिंह को पिपराइच का नया प्रभारी बनाया गया है।
जांच जारी
सीओ कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि मारपीट में घायल बच्चे की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









