गोरखपुर में गर्मी का प्रचंड प्रहार: 40 डिग्री पार पहुंचा पारा, मौसम वैज्ञानिकों ने जारी किया अलर्ट

गोरखपुर|

शहर में मौसम अब पूरी तरह तपिश और उमस के शिकंजे में आता दिखाई दे रहा है। सोमवार को सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। सूरज निकलने के साथ ही तापमान तेजी से बढ़ने लगा और सुबह के समय ही पारा 33 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। दिन चढ़ने के साथ गर्मी का असर और तीखा होता गया। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर में अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। वहीं न्यूनतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। तेज धूप, उमस और पछुआ हवाओं के कारण लोगों को लू जैसे हालात का सामना करना पड़ रहा है। शहर की सड़कों पर दोपहर के समय सामान्य दिनों की तुलना में कम आवाजाही दिखाई दी। जबकि बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर भी गर्मी का असर साफ नजर आया।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर भी राहत के संकेत नहीं दिए हैं। मौसम वैज्ञानिक डॉ. कैलाश पांडे के अनुसार अगले चार से पांच दिनों तक गर्मी और उमस का यही दौर जारी रह सकता है। उन्होंने लोगों को सलाह दी है कि अत्यधिक जरूरत होने पर ही घर से बाहर निकलें। दोपहर के समय धूप में जाने से बचें। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। डॉक्टरों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी से डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और वायरल संक्रमण का खतरा भी बढ़ सकता है। ऐसे में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, हल्के कपड़े पहनना और शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है।

गर्म पछुआ हवाओं ने लोगों की बढ़ाई मुश्किलें

रविवार को इस सीजन में पहली बार तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 2.5 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर के समय चल रही गर्म पछुआ हवाओं ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं। शहर के कई इलाकों में लोग सिर ढककर और चेहरे को कपड़े से बचाते हुए नजर आए। चौराहों और बस स्टैंडों पर भीषण गर्मी के कारण लोगों को छांव की तलाश करते देखा गया। गर्म हवाओं के चलते दोपहिया वाहन चालकों और दिहाड़ी मजदूरों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी।

राहत के आसार कम

गौरतलब है कि इससे पहले 25 अप्रैल को अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। लेकिन उसके बाद मौसम में बदलाव आने से कुछ राहत मिली थी। हालांकि अब एक बार फिर गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले दो दिनों में तापमान में लगभग 3.9 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि फिलहाल बारिश या ठंडी हवाओं की कोई संभावना नहीं है। लोगों को निकट भविष्य में राहत मिलने के आसार कम दिखाई दे रहे हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से सतर्क रहने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।