गोरखपुर में चलती कार में लगी आग: चालक ने कूदकर बचाई जान, मेडिकल कॉलेज रोड पर लगा जाम

मेडिकल कॉलेज रोड पर शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे एक चलती कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार चालक ने कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। आग की इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। इसके चलते लोग करीब एक घंटे तक जाम में फंसे रहे।
फायर कर्मियों के मुताबिक, मेडिकल कॉलेज के मोगलहा में महिंद्रा का शोरूम है। शुक्रवार को महिंद्रा का ही एक कर्मचारी लखनऊ नंबर की वरना कार सर्विसिंग कराने के लिए सेंटर पर ले जा रहा था। जैसे ही वह मोगलहा पहुंचा तभी कार के इंजन की तरफ से तेजी से धुआं निकलने लगा। यह देखकर चालक कार छोड़कर बाहर कूद गया। थोड़ी ही देर में कार के आगे से आग की तेज लपटें निकलने लगीं और कार धू-धूकर जलने लगी। आस-पास के दुकानदारों ने पानी और अन्य चीजों से आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन कार से धुआं उठता रहा।
20 मिनट बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी
सूचना पर करीब 20 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची। फायर कर्मियों ने तेज धार में कार के इंजन पर पानी मारकर पूरी तरह आग पर काबू पाया। करीब 20 मिनट तक लगी आग में कार पूरी तरह जल गई। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ वाहन रोक दिए गए थे जिससे लंबा जाम लग गया। घटना देखने के लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई थी।
करीब एक घंटे तक लगा रहा जाम
कार में आग लगने के कारण करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। इसके चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कार की आग बुझने के बाद लोग अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

