गोरखपुर की चटोरी गली में दुकानों पर ताला: कारोबार 40% तक सिमटा, बैरियर हटाने पर अड़े व्यापारी

गोरखपुर|
कारोबार 40% तक सिमटा, बैरियर हटाने पर अड़े व्यापारी

गोलघर की चटोरी गली में बुधवार को दुकानदारों ने कारोबार बंद रखकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। ठेले-खोमचे भी हटवा दिए गए, जिससे बाजार और उसके दोनों प्रवेश द्वारों पर सन्नाटा छाया रहा। दोपहर में 50 से अधिक व्यापारी जुटे और नारेबाजी करते हुए सड़क पर लगाए गए बैरियर व बोलार्ड हटाने की मांग की। व्यापारियों का आरोप है कि रास्ते में अवरोधों के कारण ग्राहक बाजार तक नहीं पहुंच पा रहे हैं और कारोबार घटकर करीब 40 प्रतिशत रह गया है।

व्यापारियों के मुताबिक, चटोरी गली के सौंदर्यीकरण और फसाड निर्माण पर करीब आठ करोड़ रुपये खर्च किए गए। इसके बावजूद उन्हें अपेक्षित लाभ नहीं मिला। उनका कहना है कि पहले यहां तीन लेन का खुला रास्ता था, लेकिन बैरियर और बोलार्ड लगाने के साथ ई-रिक्शा पर रोक से ग्राहकों की आवाजाही घट गई। इसका असर केवल चटोरी गली ही नहीं, बल्कि पूरे गोलघर के कारोबार पर पड़ा है। व्यापारियों का दावा है कि रास्ता बंद होने से आसपास के प्रमुख चौराहों पर जाम का दबाव भी बढ़ा है।

स्थानीय जरूरतों के हिसाब से व्यवस्था की मांग

समस्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष नितिन कुमार जायसवाल ने कहा कि दूसरे शहरों की व्यवस्था स्थानीय परिस्थितियों को समझे बिना लागू करना उचित नहीं है। लखनऊ और इंदौर की तर्ज पर मॉडल अपनाने के बजाय गोरखपुर की जरूरतों के अनुसार योजना बननी चाहिए। उन्होंने बैरियर हटाकर रास्ता खोलने की मांग की। साथ ही सौंदर्यीकरण में लगी लाइटों और वायरिंग की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। व्यापारी दिग्विजय सिंह ने कहा कि बोलार्ड लगने के बाद ग्राहकों की आवाजाही लगभग बंद हो गई है। इसी के विरोध में सभी दुकानदारों ने बंदी का फैसला लिया।

कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

व्यापारी ने नगर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि विकास का मकसद कारोबार और सुविधाएं बढ़ाना होना चाहिए, न कि दुकानदारों को नुकसान पहुंचाना। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि करोड़ों रुपये खर्च कर कचौड़ी गली तो बना दी गई, लेकिन अब यहां कचौड़ी ही गायब होती जा रही है।

नगर आयुक्त से मुलाकात के बाद भी नहीं निकला हल

मंगलवार को नितिन कुमार जायसवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने नगर आयुक्त अजय जैन से मुलाकात कर दोनों ओर के बैरियर हटाने की मांग रखी थी। नितिन के मुताबिक, नगर आयुक्त ने एसपी ट्रैफिक और प्रशासन से बातचीत के बाद आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि, तत्काल कोई समाधान नहीं निकल सका। अब व्यापारी रास्ता खोलने और कारोबार को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।