गोरखपुर के चटोरी गली के दुकान में लगी आग: मौके पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां, कड़ी मशक्कत के बाद 20 मिनट में पाया काबू
बाल विहार क्षेत्र की चटोरी गली में कवाब पराठा की दुकान में आग लगने से अचानक अफरातफरी मच गई। फर्स्ट फ्लोर स्थित दुकान से धुआं और लपटें निकलती देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। उस समय चटोरी गली में घूमने आए लोगों में भी भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग दुकानों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान की ओर चले गए।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने करीब 20 मिनट तक प्रयास करने के बाद आग को नियंत्रित कर लिया। हालांकि तब तक दुकान में रखा खाने-पीने का सामान जलकर राख हो चुका था। आग लगने के समय दुकान में ग्राहकों की संख्या कम थी। समय रहते सभी लोगों के बाहर निकल जाने से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
आसपास की दुकानों तक पहुंची लपटें
लोगों ने आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई है। आग की लपटें तेज होने के कारण बगल की दो दुकानों को भी हल्का नुकसान पहुंचा। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फायर अधिकारी के मुताबिक समय पर सूचना मिलने के कारण आग को ज्यादा फैलने से रोक लिया गया।
गली में बिजली आपूर्ति की गई बंद
आग की सूचना के बाद चटोरी गली में सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। सुरक्षा के मद्देनजर कुछ देर के लिए गली की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई। आसपास की करीब 20 से 25 दुकानों से ग्राहक बाहर निकल आए और देखते ही देखते अधिकांश दुकानें खाली हो गईं। कई लोग बच्चों को लेकर सुरक्षित स्थान की ओर चले गए।











