गोरखपुर में छठ महापर्व धूमधाम से मनाया गया: उदयगामी सूर्य को दिया अर्घ्य, पारंपरिक परिधानों में नजर आईं व्रती महिलाएं
गोरखपुर में छठ महापर्व को धूमधाम से मनाया गया। छठ पर्व के अंतिम दिन सोमवार को छठ व्रतियों ने एक साथ नदी और तालाबों के पानी में खड़े होकर पूजा-अर्चना में भाग लिया। और भगवान भास्कर को उगते सूर्य का अर्घ्य दिया। इस बीच सभी महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में नजर आईं। व्रती महिलाओं ने साथ मिलकर पारंपरिक छठ गीत गाए। और पर्व की खुशियां साझा कीं। इस दौरान उन्होंने परंपरागत रस्मों में हिस्सा लिया। सिंदूर लगाकर पर्व की रीतियों का निर्वहन किया। बिहार और पूर्वी यूपी के लोग विशेष रूप से इस पर्व को मनाते हैं। यह पूर्वांचल के लाखों लोगों के लिए आस्था और भावनाओं से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पर्व है।
पूर्वांचल का योगदान
जहां भी पूर्वांचल के लोग हैं। वे अपनी मेहनत और योगदान से घाटों को सजाने संवारने और साफ सफाई में अहम भूमिका निभाते हैं। छठ महापर्व धार्मिक आस्था के साथ-साथ लोक संस्कृति, पारिवारिक एकजुटता, अनुशासन, स्वच्छता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। राजघाट पर ड्रोन से भी निगरानी की जा रही थी। साथ जल में पुलिस और गोताखोर लगातार निगरानी बनाए हुए थे।
प्रकृति के प्रति सम्मान
यह पर्व प्रकृति के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव सिखाता है। इस अवसर पर लोगों ने छठी मैया से प्रार्थना की कि वह देश के सभी नागरिकों पर अपना आशीर्वाद बनाए रखें। और हर परिवार में सुख, समृद्धि और खुशहाली लाएं। राजघाट पर ढोल नगारे बजाने वालों ने स्वत:स्फूर्ति से पहुंचकर अलग ही समां बांध दिया था। जिससे उत्सव की भव्यता और बेहतर हो गई।
श्रद्धालुओं के लिए बने कई घाट बने
छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर में कई घाट बनाए गए थे। राजघाट के किनारे पुल के दोनों ओर राप्ती नदी के किनारे काफी दूर तक लोग पूजा अर्चना करते नजर आए। साथ ही मानसरोवर व रामगढ़ आदि जगहों में घाटों का निर्माण किया गया था। ताकि श्रद्धालु समय पर घाटों पर पहुंचकर बेहतर तरीके से पूजा कर सकें।

चार दिवसीय छठ पर्व की परंपरा
सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित यह चार दिवसीय पर्व 13 नवंबर को 'नहाय-खाय' के साथ शुरू हुआ था। श्रद्धालु अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए आशीर्वाद की कामना करते हैं। पहला दिन - नहाय-खाय: भक्त नदियों और तालाबों में स्नान करते हैं। दूसरा दिन - खरना: दिन भर का उपवास रखा जाता है और शाम को अस्त होते सूर्य और चंद्रमा की पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण किया जाता है। तीसरा दिन - संध्या अर्घ्य: श्रद्धालु अस्ताचल सूर्य की उपासना करते हैं। चौथा दिन - उषा अर्घ्य: पर्व का समापन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होता है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।